BB20 Weekend Ka Vaar: रियालिटी शो बिग बॉस 20 के पहले हफ्ते का सफर हंगामे और ड्रामे से भरपूर रहा है। घर के अंदर कंटेस्टेंट्स के बीच प्यार से लेकर तीखी तकरार तक काफी कुछ देखने को मिला। अब दर्शकों की निगाहें इस हफ्ते के पहले 'वीकेंड का वार' एपिसोड पर टिकी हुई हैं।
होस्ट सलमान खान घरवालों की हरकतों का हिसाब-किताब करने आ रहे हैं। बिग बॉस के इस एपिसोड में सलमान का गुस्सा कुछ सदस्यों पर बुरी तरह फूटता हुआ नजर आएगा, जहां कई बड़े चेहरों की क्लास लगने वाली है।
हफ्ते के दौरान सिंगर काजी तौकीर अपने रॉकस्टार अंदाज और ड्रामेबाजी से मनोरंजन करते दिखे, जिसकी सलमान खान ने शुरुआत में तारीफ भी की। हालांकि बीते गुरुवार की रात झूठी तबीयत खराब और अपनी खास दवा मांगने के नाटक पर सलमान बेहद नाराज नजर आए। सलमान ने काजी को सख्त लहजे में समझाया कि घर के अंदर ऐसी फर्जी मेडिकल इमरजेंसी पैदा करने से पैनिक फैलता है। सलमान खान की इस खरी-खोटी के बाद काजी तौकीर ने अपनी गलती मानी और सफाई देते हुए तुरंत माफी मांगी।
बिग बॉस 20 में अपने बॉसी नेचर को लेकर सुर्खियों में बनीं एक्ट्रेस माही विज को भी सलमान की नाराजगी झेलनी पड़ी। सलमान ने उनके बर्ताव से ज्यादा उनकी उस टिप्पणी पर आपत्ति जताई जिसमें उन्होंने शो को 'डाइवोर्सी स्पेशल' कह दिया था। माही विज ने ईशा रिखी से बात करते हुए घर में 3 तलाकशुदा महिलाएं होने का जिक्र किया था। इस पर ईशा रिखी और मैरी कॉम दोनों ने ही असहजता जताई थी। सलमान खान ने इस तरह के पर्सनल लेबल्स और बयानों को लेकर माही को आड़े हाथों लिया।
एक तरफ जहां सलमान खान बाकी सदस्यों की क्लास लगा रहे थे, वहीं घर के अंदर नया झगड़ा खड़ा हो गया। खाने के डिब्बे को लेकर कैप्टन यंग डीएसए और अमन गांधी के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते पंचायत फेम आसिफ खान भी इस झगड़े में कूद पड़े। दोनों के बीच पुरानी बात एक बार फिर से उभर आई और मामला गाली-गलौज तक पहुंच गया। घर के बाकी सदस्यों और काजी तौकीर के बीच-बचाव करने के बावजूद माहौल काफी गर्मा गया।
बिग बॉस 20 के पहले हफ्ते के एलिमिनेशन के लिए अरिश्फा खान, लव गिल, उदिति सिंह और कनिका मान नॉमिनेटेड हैं। शो के न्यू रूल 'तथास्तु' के तहत हर प्रतिभागी को 2 लाइफ लाइन मिले हैं।
सोशल मीडिया पर आए शुरुआती वोटिंग ट्रेंड्स के अनुसार अरिश्फा खान वोटों के मामले में सबसे आगे चल रही हैं, जबकि उनके बाद कनिका मान सेफ हैं। वहीं लव गिल और उदिति सिंह सबसे नीचे बने हुए हैं। यदि ट्रेंड सही साबित होते हैं तो उदिति सिंह का एक जीवनदान खतरे में पड़ सकता है।