Asim Riaz Bhavya Singh Legal Notice: बिग बॉस 13 में सिद्धार्थ शुक्ला के साथ अपने झगड़े और हिमांशी खुराना के साथ अपने रिश्ते को लेकर फेमस हुए आसिम रियाज एक बार फिर चर्चा में है। आसिम रियाज ने सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और एमटीवी स्पिट्सविला की कंटेस्टेंट एक्स भव्या सिंह पर कानूनी कदम उठाने का फैसला लिया है।
दरअसल, भव्या सिंह के द्वारा एक पॉडकास्ट में उन्होंने आसिम रियाज को लेकर कई बड़े दावे किए थे। जिसको लेकर आसिम रियाज ने उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का कदम उठाया है। आसिम रियाज ने भव्या सिंह और संबंधित मीडिया आउटलेट्स को सीज एंड डिसिस्ट लीगल नोटिस भेजा है।
भव्या सिंह ने पॉडकास्ट में आसिम रियाज और उनकी एक्स-गर्लफ्रेंड व अभिनेत्री हिमांशी खुराना के ब्रेकअप को लेकर बात की थी। इसी दौरान उन्होंने कथित तौर पर आसिम पर हिमांशी के साथ मारपीट और हिंसा करने जैसे गंभीर आरोपों का जिक्र किया। पॉडकास्ट का यह हिस्सा बाद में सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हुआ।
आसिम की कानूनी टीम ने पॉडकास्ट में कही गई बातों को पूरी तरह गलत, अपुष्ट और अभिनेता की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाला बताया है। कानूनी नोटिस में भव्या द्वारा कथित तौर पर कही गई उन बातों का भी उल्लेख किया गया है, जिनमें उन्हें आसिम के हिंसक व्यवहार के बारे में किसी से सुनी हुई जानकारी का जिक्र करते बताया गया है।
भव्या सिंह ने कथित तौर पर आसिम की आर्थिक स्थिति को लेकर भी कुछ दावे किए थे। इनमें एक अज्ञात महिला पर आर्थिक रूप से निर्भर होने और दुबई में कथित तौर पर उसी महिला के पैसों पर रहने की बात शामिल थी। आसिम की कानूनी टीम ने इन दावों को भी झूठा और बिना पुष्टि के बताया है।
कानूनी नोटिस में कहा गया है कि इन बयानों से आसिम की प्रतिष्ठा, सार्वजनिक छवि और प्रोफेशनल स्टैंडिंग प्रभावित हुई है। नोटिस के जरिए भव्या सिंह को भविष्य में अभिनेता के खिलाफ कथित मानहानिकारक या कानूनी रूप से आपत्तिजनक बयान देने अथवा दोहराने से बचने के लिए कहा गया है। वहीं, संबंधित मीडिया आउटलेट्स से पॉडकास्ट और उससे जुड़े विवादित कंटेंट को हटाने की मांग की गई है।
नोटिस में चेतावनी दी गई है कि अगर 72 घंटे के भीतर मांगों का पालन नहीं किया गया, तो आसिम की ओर से सक्षम अदालतों और संबंधित अधिकारियों के समक्ष उचित कानूनी कार्रवाई शुरू की जा सकती है। विवादित सामग्री को लगातार शेयर या दोबारा प्रकाशित किए जाने पर अतिरिक्त कानूनी कदम उठाने की बात भी कही गई है।
आसिम रियाज और हिमांशी खुराना का रिश्ता बिग बॉस 13 के दौरान काफी चर्चा में रहा था। शो में दोनों की बढ़ती नजदीकियों ने दर्शकों का खूब ध्यान खींचा था। हालांकि, बाद में दोनों का रिश्ता खत्म हो गया। अब भव्या सिंह के पॉडकास्ट में किए गए कथित दावों के बाद यह मामला कानूनी मोड़ ले चुका है।