Ammy Virk Convoy Attack: कनाडा की धरती पर एक बार फिर पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़ी बड़ी खबर ने सनसनी फैला दी है। फेमस सिंगर और एक्टर एमी विर्क के काफिले पर देर रात अचानक हुई गोलीबारी से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लाइव शो के बाद घर लौट रहे काफिले पर अज्ञात हमलावरों ने अचानक गोलियों चलानी शुरू कर दी। घटना के बाद से ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है और हर संदिग्ध कड़ी को जोड़ने में जुटी है।
यह पूरी घटना एबट्सफोर्ड के मैक्कलम रोड के पास रात करीब 11 बजे के आसपास घटी। रोजर्स फोरम हॉल में आयोजित एक बड़े शो में प्रस्तुति देने के बाद एमी विर्क का काफिला शहर की तरफ आगे बढ़ रहा था।
इसी दौरान एक काले रंग की एसयूवी में सवार कुछ अज्ञात हमलावरों ने काफिले में शामिल गाड़ी को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस गोलीबारी से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
खबरों के अनुसार बड़ी बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई है। हमलावरों ने जिस वाहन को निशाना बनाया था, वह पूरी तरह बुलेटप्रूफ था। गाड़ी के सुरक्षित होने की वजह से गोलियां अंदर तक असर नहीं कर सकीं और बड़ा हादसा टल गया।
हालांकि पुलिस अधिकारी इस बात का पता लगा रहे हैं कि क्या घटना के वक्त सिंगर एमी विर्क खुद उसी गाड़ी के अंदर मौजूद थे या वे काफिले के किसी दूसरी गाड़ी में सफर कर रहे थे।
हमले के कुछ ही समय बाद पुलिस को पास के सनीसाइड प्लेस इलाके में एक कार के जलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची टीम ने गाड़ी को पूरी तरह से खाक पाया, जिसके बाद दोनों घटनाओं के आपस में तार जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
इसी बीच सोशल मीडिया पर एक कथित पोस्ट वायरल हो रही है, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े एक शख्स ने इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। हालांकि कनेडियन पुलिस का कहना है कि जब तक सच सामने नहीं आते, तब तक किसी भी दावे को आधिकारिक नहीं माना जा सकता।