Thodi Si Umeed Thoda Sa Aasman: नवरात्रि का पर्व आस्था, भक्ति और सकारात्मकता का संदेश लेकर आता है। इस दौरान श्रद्धालु मंदिरों में जाकर मां दुर्गा के दर्शन करते हैं और सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। टीवी इंडस्ट्री की अभिनेत्रियां आरती बिराजदार और अंकिता बहुगुणा भी इस शुभ अवसर पर कोल्हापुर के प्रसिद्ध महालक्ष्मी मंदिर पहुंचीं।
थोड़ी सी उम्मीद, थोड़ा सा आसमान में वैदेही का किरदार निभाने वाली आरती और अनुप्रिया की भूमिका में नजर आने वाली अंकिता ने मां महालक्ष्मी का आशीर्वाद लिया और मंदिर में मिले आध्यात्मिक अनुभव को साझा किया।
आरती बिराजदार ने कोल्हापुर महालक्ष्मी मंदिर में दर्शन करने के अनुभव को खास बताया। उनका कहना है कि नवरात्रि के दौरान कोल्हापुर में होने पर इस मंदिर में दर्शन जरूर करने चाहिए। मंदिर में प्रवेश करते ही मन को शांति और सुकून का एहसास होता है।
अभिनेत्री के मुताबिक, महालक्ष्मी मंदिर महाराष्ट्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां दूर-दूर से श्रद्धालु मां का आशीर्वाद लेने आते हैं। लोगों की मान्यता है कि मां महालक्ष्मी जीवन की मुश्किलों से निकलने का रास्ता दिखाती हैं और परिवार में सुख-समृद्धि बनाए रखती हैं।
आरती ने बताया कि शूटिंग और काम की व्यस्तता के बीच मंदिर में बिताए पल उन्हें ठहरकर सोचने, जीवन के लिए आभार व्यक्त करने और खुद से जुड़ने का अवसर देते हैं। उनके लिए मंदिर जाना केवल आशीर्वाद लेने का माध्यम नहीं, बल्कि मां के प्रति कृतज्ञता जताने और मानसिक शांति पाने का भी तरीका है।
अंकिता बहुगुणा के लिए महालक्ष्मी मंदिर की यह यात्रा इसलिए भी खास रही, क्योंकि वह पहले भी यहां दर्शन कर चुकी हैं। उन्होंने बताया कि टीवी सीरियल की शूटिंग शुरू होने के बाद जब वह पहली बार कोल्हापुर आई थीं, तब मंदिर गई थीं। हालांकि, उस समय उन्हें मंदिर के इतिहास और मां महालक्ष्मी के प्रति लोगों की गहरी आस्था के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी।
इस बार नवरात्रि के दौरान मंदिर पहुंचने पर उन्हें इस स्थान की धार्मिक परंपराओं और महत्व को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिला। अंकिता ने कहा कि उन्हें ऐसा महसूस होता है, जैसे मां ने ही उन्हें सही समय पर दोबारा अपने पास बुलाया हो।
अभिनेत्री के अनुसार, किसी स्थान से जुड़ी कहानियों और परंपराओं को जानने से वहां की संस्कृति और लोगों की मान्यताओं को समझने में मदद मिलती है। उन्होंने इस यात्रा के लिए आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि मां का आशीर्वाद, सकारात्मकता और अच्छी ऊर्जा हमेशा उनके साथ बनी रहेगी।
थोड़ी सी उम्मीद, थोड़ा सा आसमान में आरती बिराजदार वैदेही और अंकिता बहुगुणा अनुप्रिया के किरदार में नजर आती हैं। शो में दोनों अभिनेत्रियों की भूमिका दर्शकों के लिए खास है। इस शो को हर सोमवार से शनिवार शाम 7:30 बजे, सिर्फ सन नियो पर देखा जा सकता है।