Tamil Nadu Election 2026: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के दौरान तिरुपत्तूर सीट पर एक कार्यकर्ता को मतदान के दौरान वीडियो बनाने की वजह से परेशानी का सामना करना पड़ा। तमिलगा वेत्रि कषगम (टीवीके) के कार्यकर्ता शक्तिवेल को मतदान केंद्र के भीतर वीडियो रिकॉर्ड करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।
अधिकारियों के अनुसार, शक्तिवेल ने मतदान कक्ष के अंदर मोबाइल फोन से पार्टी के चुनाव चिन्ह 'सीटी' (व्हिसल) पर वोट डालते हुए अपना वीडियो बनाया। इसके बाद उसने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर रील के रूप में साझा कर दिया, जिससे चुनाव अधिकारियों का ध्यान इस ओर गया।
भारतीय निर्वाचन आयोग (ईसीआई) पहले ही यह स्पष्ट कर चुका है कि मतदान कक्ष में मोबाइल फोन ले जाना या किसी भी प्रकार की रिकॉर्डिंग करना चुनाव नियमों का उल्लंघन है, क्योंकि इससे मत की गोपनीयता भंग होती है। सीसीटीवी निगरानी के आधार पर अधिकारियों ने पुलिस को सूचित किया, और इसके बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। अब उसके खिलाफ चुनाव कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है।
राज्य में गुरुवार को सभी 234 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में मतदान हो रहा है। इस चुनाव में 5.73 करोड़ से अधिक मतदाता 4,023 उम्मीदवारों का भाग्य तय करेंगे। चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संचालित करने के लिए पूरे तमिलनाडु में 75,064 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां कड़ी सुरक्षा और निगरानी की व्यवस्था की गई है।
यह भी पढ़ें- कोर्ट ने ED को जारी किया नोटिस, I-PAC मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आया नया मोड़; 23 अप्रैल को होगी अलगी सुनवाई
तमिलनाडु में सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो चुका है और कई स्थानों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। शहरी से लेकर ग्रामीण इलाकों तक, महिलाएं, बुजुर्ग और पहली बार वोट डालने वाले युवा उत्साह के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंचे। राज्य में छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से चल रही है, और चुनाव अधिकारी लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।