मुंबई: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने सोमवार को उम्मीदवारों की चौथी लिस्ट जारी कर दी है। इसमें सात प्रत्याशियों के नाम शामिल है। अब शरद पवार गुट के उम्मीदवारों की संख्या 83 हो गई है। शरद पवार की एनसीपी (शरदचंद्र पवार) ने इसके पहले तीन सूचियां जारी की थी।
इस लिस्ट में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने पूर्व मंत्री अनिल देशमुख के बेटे सलील देशमुख को काटोल विधानसभा सीट से टिकट दिया है। इसके अवाला माण से प्रभाकर घार्गे, खानापुर से वैभव पाटिल, वाई से अरुणादेवी पिसाल, दौंड से रमेश थोराट, पुसद से शरद मैंद और सिंदखेडा से संदीप बेडसे को प्रत्याशी बनाया है।
यह भी पढ़ें:- धुले में बढ़ेगी उद्धव ठाकरे की मुश्किलें, शहर प्रमुख हिलाल माली ने पार्टी से दिया इस्तीफा, लड़ेंगे चुनाव
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने 24 अक्टूबर को 45 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की थी। इसके बाद 26 अक्टूबर को 22 उम्मीदवारों की दूसरी व 27 अक्टूबर को 9 उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट जारी की थी। सोमवार को 7 उम्मीदवारों की घोषणा के बाद अब शरद पवार गुट के उम्मीदवारों की संख्या 83 हो गई है।
बता दें कि विपक्षी गठबंधन महा विकास अघाड़ी में कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) शामिल है। तीनों दल मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ रहे है। वहीं सत्तारूढ महायुति में बीजेपी व एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की एनसीपी शामिल है। महा विकास अघाड़ी में शामिल कांग्रेस अब तक 99 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। वहीं उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) 80 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है।
महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा के लिए 20 नवंबर को एक चरण में ही मतदान होने हैं, जबकि 23 नवंबर को नतीजों की घोषणा की जाएगी। इसे लिए महायुति में शामिल बीजेपी ने भी सोमवार को 25 उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट जारी की है।