(डिजाइन फोटो) 
विधानसभा चुनाव 2026

मनोज जरांगे ने किया विधानसभा चुनाव लड‍़ने का ऐलान, बोले- इन सीटों पर उतारेंगे उम्मीदवार

जालना जिले के अंतरवाली सराटी गांव में सभा को संबोधित करते हुए मनोज जरांगे ने कहा कि हम उन विधानसभा सीटों पर मराठा उम्मीदवार उतारेंगे, जहां इस समुदाय के लोगों की अच्छी-खासी आबादी है।

आकाश मसने

जालना: मराठा आरक्षण की मांग को लेकर आंदोलन करने वाले मनोज जरांगे ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में उतरने का फैसला कर लिया है। चुनाव लड़ने को लेकर लगाई जा रही अटकलों पर विराम लगाते हुए मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने रविवार को घोषणा की कि वह महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में अपने उम्मीदवार उतारेंगे। जालना में एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने यह घोषणा की।

जालना जिले के अंतरवाली सराटी गांव में सभा को संबोधित करते हुए मनोज जरांगे ने कहा कि हम उन विधानसभा सीटों पर मराठा उम्मीदवार उतारेंगे, जहां इस समुदाय के लोगों की अच्छी-खासी आबादी है। उन्होंने कहा कि कहा कि वह केवल उन्हीं सीटों पर मराठा उम्मीदवार उतारेंगे, जहां समुदाय की जीत की संभावना है।

दूसरे उम्मीदवारों का करेंगे समर्थन

मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने कहा कि मराठा समुदाय, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित क्षेत्रों में मराठा मुद्दों का समर्थन करने वाले दूसरे उम्मीदवारों का समर्थन करेंगा। उन्होंने कहा कि जिन विधानसभा सीटों पर मराठा समुदाय की जीत की संभावना नहीं है, वहां मराठा समाज जाति या धर्म की परवाह किए बिना आरक्षण की मांग का समर्थन करने वाले दूसरे उम्मीदवारों का समर्थन करेगा।

लिखित प्रतिज्ञा पर करना होगा हस्ताक्षर

मनोज जरांगे ने कहा कि जो उम्मीदवार मराठा आरक्षण की मांग को लेकर हमारे साथ हैं, उन्हें लिखित प्रतिज्ञा पर हस्ताक्षर करना होगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी उम्मीदवार से नामांकन वापस लेने के लिए कहा जाता हैतो उसे इसका अनुपालन करके नामांकन पत्र वापस लेना होगा।

20 नवंबर को होगा मतदान

बता दें कि महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों के लिए 20 नवंबर को मतदान होगा और मतगणना 23 नवंबर को होगी। जरांगे ने मराठा समाज के संभावित उम्मीदवारों से नामांकन पत्र दाखिल करने की अपील करते हुए कहा कि उनकी उम्मीदवारी के बारे में अंतिम निर्णय 29 अक्टूबर को किया जाएगा।

मनोज जरांगे ने इस दौरान उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस पर मराठा आरक्षण आंदोलन को कमजोर करने का आरोप लगाया। साथ ही मराठा समुदाय से अन्य पिछड़ा वर्ग के तहत आरक्षण की मांग के पीछे एकजुट होने और अपने अधिकारों के लिए लड़ाई जारी रखने की अपील की।

जामिया मिल्लिया इस्लामिया में क्यों हो रहा है प्रदर्शन? समर्थन में पहुंचे इमरान मसूद को पुलिस ने किया डिटेन

MLC Election 2026: चार राज्यों की 28 सीटों पर मतदान खत्म, कब आएंगे नतीजे?

नेहा बोरा की याचिका दिल्ली हाई कोर्ट ने की खारिज, भरना पड़ेगा पीस बॉन्ड

बिहार के सीवान में पटाखा फैक्टरी में भीषण विस्फोट, आठ लोगों की मौत; कई घायल

LAC पर भारत-चीन के बीच क्या बातचीत चल रही है? विदेश मंत्रालय के बयान का पूरा मतलब समझिए