Haryana and Jammu-Kashmir Elections live: हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में चुनाव समाप्त हो चुके हैं। रिजल्ट्स से पहले एग्जिट पोल रिजल्ट्स आ चुके हैं। एग्जिट पोल्स के मुताबिक हरियाणा में बीजेपी के हाथ से सत्ता जाती हुई दिखाई दे रही है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर में किसी भी दल या गठबंधन को पूर्ण बहुमत मिलता हुआ नहीं दिखाई दे रहा है। लेकिन, सबसे बड़े गठबंधन के तौर पर कांग्रेस-एनसी प्लस को माना जा रहा है।
एग्जिट पोल आने के बाद से ही नेताओं की बयानबाजी का दौर शुरू है। कांग्रेस और उससे जुड़े दल गद-गद होकर एग्जिट पोल पर रिएक्शन दे रहे हैं। जबकि बीजेपी नेता एग्जिट पोल को परिणाम न मानते हुए दोनों ही राज्यों में नतीजे अपने पक्ष में आने की बात कह रहे हैं। एग्जिट पोल को लेकर कौन सी पार्टी का नेता क्या बोल रहा है, यह आप यहां लाइव देख सकते हैं...
जम्मू-कश्मीर के एग्जिट पोल पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. कर्ण सिंह ने कहा कि स्थिर सरकार की जरूरत है। लगता है कि कांग्रेस-एनसी की सरकार बन सकती है। लेकिन नतीजे आने के बाद इसकी पुष्टि हो जाएगी। इस दौरान उन्होंने कहा कि 10 साल बाद चुनाव हुए वह भी फ्री और फेयर हुए हैं। यह अपने आप में बड़ी बात है।
सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास पर हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ दीपक बाबरिया की मीटिंग खत्म हो चुकी है। मीटिंग के बाद हरियाणा के चुनाव प्रभारी दीपक बाबरिया रवाना हो गए हैं। कहा जा रहा है कि इस बैठक में राज्य के अगले सीएम को लेकर भूपेन्द्र हुड्डा के साथ चर्चा हुई है।
जम्मू-कश्मीर और हरियाणा एग्जिट पोल को लेकर आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने बीजेपी पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी का पतन शुरू हो गया है और देश की जनता धीरे-धीरे बीजेपी को अलविदा कहने की तैयारी कर रही हैं।
जम्मू-कश्मीर और हरियाणा के एग्जिट पोल को लेकर कांग्रेस नेता हरीश रावत ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोगों ने शांति, सद्भाव और विकास के लिए वोट दिया और इसके लिए नेशनल कॉन्फ्रेंस-कांग्रेस गठबंधन ही एकमात्र विकल्प था और लोगों ने इसे चुना है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भी बहुमत के साथ कांग्रेस की सरकार बनाने जा रही है।"
हरियाणा और जम्मू-कश्मीर चुनाव के एग्जिट पोल के बाद बीजेपी नेता दोनों राज्यों में सरकार बनाने का दावा करत हैं। जिस पर सीपीआई नेता डी राजा ने कहा कि मुझे नहीं पता कि उनके (बीजेपी) भरोसे का आधार क्या है। मेरे हिसाब से, हकीकत एग्जिट पोल से मेल खाती है। हरियाणा में, हर कोई जानता है कि बीजेपी के खिलाफ गुस्सा है। इस सरकार ने किसानों से जो भी वादा किया था, उसे पूरा नहीं किया है। वे पीएम मोदी और उनकी नीतियों से नाराज हैं।