Highlights:
जामिया के छात्रों ने अपनी मांगें औपचारिक रूप से कुलपति को सौंप दी हैं।
जामिया मिलिया इस्लामिया ने छात्र संघ चुनाव कराने की घोषणा की।
जामिया के छात्रों ने मुख्य सुरक्षा सलाहकार के इस्तीफे की मांग की।
Jamia Millia Islamia Students Protest: जामिया मिल्लिया इस्लामिया में छात्रों के प्रदर्शन और भूख हड़ताल को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। जामिया मिल्लिया इस्लामिया के छात्रों ने अपनी मांगें औपचारिक रूप से कुलपति को सौंप दी हैं। उन्होंने 26 अक्टूबर को रजिस्ट्रार कार्यालय द्वारा जारी अधिसूचना में संशोधन की मांग की है।
छात्रों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक उनकी भूख हड़ताल और शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। इन मांगों में छात्र संघ के संविधान और चुनावों के लिए एक स्पष्ट समय-सीमा तय करना, प्रदर्शनकारियों के खिलाफ की गई अनुशासनात्मक कार्रवाई को वापस लेना और मुख्य सुरक्षा सलाहकार का इस्तीफा शामिल है।
छात्रों ने औपचारिक पत्र में लिखा, जामिया मिल्लिया इस्लामिया के छात्र, रजिस्ट्रार कार्यालय द्वारा 26 अक्टूबर 2026 को भूख हड़ताल के संबंध में अपनी अधिसूचना में संशोधन कर कुलपति को ज्ञापन सौंपा। छात्रों का मानना है कि इससे पहले छात्र संघ के गठन के लिए छात्रों द्वारा रखी गई मांगें पूरी तरह से पूरी नहीं की गई हैं और न ही उन पर उचित ध्यान दिया गया है।
20 दिसंबर 2026 तक विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा छात्र संघ का संविधान तैयार करके उसे मंजूरी दी जाए। साथ ही, संविधान को मंजूरी मिलने के 15 दिनों के भीतर, बिना किसी देरी के, छात्र संघ चुनाव की तारीख की औपचारिक घोषणा की जाए।
विरोध प्रदर्शन से जुड़ी सभी अनुशासनात्मक कार्रवाइयां, जैसे 'शो-कॉज' नोटिस, निलंबन, कैंपस में प्रवेश पर रोक, निष्कासन आदि को तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाए और भविष्य में कोई नई अनुशासनात्मक कार्रवाई न की जाए।
मुख्य सुरक्षा सलाहकार इस्तीफा दें।
शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के अपने संवैधानिक अधिकार का उपयोग करने के लिए कोई भी छात्र माफी नहीं मांगेगा।
छात्रों ने साफ कह दिया है कि जब तक ये मांगें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक भूख हड़ताल और शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से आग्रह किया कि इन मांगों पर ध्यान दे और यह सुनिश्चित करे कि छात्र संघ के गठन की प्रक्रिया तय समय-सीमा के भीतर पूरी हो।
छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के बाहर दिल्ली पुलिस और सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन और छात्रों के बीच रात में एक समझौता होने के बावजूद, कुछ छात्र अभी भी भूख हड़ताल पर बैठे हैं।
प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि कुछ छात्रों को समझौते पर हस्ताक्षर करने के लिए राजी किया गया था, और उनका कहना है कि उनकी मूल मांगें अभी भी पूरी नहीं हुई हैं। समझौते का विरोध कर रहे छात्रों ने अपना प्रदर्शन जारी रखा है।
सोमवार को ही जामिया मिलिया इस्लामिया ने लगभग 20 साल बाद छात्र संघ चुनाव फिर से कराने की घोषणा की। सोमवार को जारी एक आदेश में, विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि छात्र संघ के संविधान को मंजूरी मिलने के 15 दिनों के भीतर चुनाव कराए जाएंगे।
यह घोषणा छात्रों के कई दिनों तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद आई है। छात्र, निर्वाचित छात्र संघ को बहाल करने की मांग कर रहे थे, जिसे विश्वविद्यालय प्रशासन ने 2006 में भंग कर दिया था।