Delhi Building Collapsed: दिल्ली में लगातार हो रही बारिश के बीच रविवार को बड़ा हादसा सामने आया है। दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में एक तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे के बाद कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा मोती बाग के सत्य निकेतन इलाके में शिव मंदिर के पास हुआ। इमारत के अचानक गिरने की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।
फायर विभाग को हादसे की सूचना दोपहर 1 बजकर 33 मिनट पर मिली। इसके बाद दमकल की करीब 12 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। बचाव दल लगातार मलबा हटाने में जुटा हुआ है।
अब तक 2 से 3 लोगों को मलबे से बाहर निकाले जाने की जानकारी सामने आई है। घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मलबे के नीचे कुल कितने लोग फंसे हुए हैं।
सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना पर NDMC के वाइस-चेयरपर्सन कुलजीत सिंह चहल ने कहा, “…ऐसा लगता है कि मौजूदा इमारत में बेसमेंट बनाने का काम चल रहा था। यह बहुत दुखद घटना है। मैंने स्थानीय विधायक अनिल शर्मा से बात की, जो अभी मौके पर मौजूद हैं। MCD की पूरी टीम बचाव कार्य में लगी हुई है। दिल्ली सरकार और MCD हर ज़रूरी मदद दे रहे हैं। हम ईश्वर से अंदर फंसे सभी लोगों की सुरक्षा की प्रार्थना करते हैं और सरकार यह पक्का करेगी कि जो भी इसके लिए ज़िम्मेदार पाए जाएं, उनके ख़िलाफ़ सख़्त से सख़्त कार्रवाई हो।”
सत्य निकेतन इलाके में एक हॉस्टल की इमारत के गिरने के बाद अब मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से चलाया जा रहा है। मौके पर जेसीबी के साथ-साथ दमकल की भी 12 गाड़िया मौके पर मौजूद हैं। अंदर फंसे लोगों को जल्द से जल्द निकालने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक दोपहर करीब 1:34 बजे पुलिस स्टेशन साउथ कैंपस में नानकपुरा गुरुद्वारे के पास एक इमारत गिरने की सूचना पीसीआर कॉल के जरिए मिली। स्थानीय पुलिसकर्मी, दमकलकर्मी, कैट एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाएं मौके पर मौजूद हैं।
पुलिस अधिकारीने यह भी बताया कि एनडीआरएफ की टीम भी पहुंच चुकी है और बचाव एवं राहत कार्य जारी है। फिलहाल फंसे हुए और घायल लोगों की सही संख्या ज्ञात नहीं है और अब तक 2 लोगों को बचाया जा चुका है।
दिल्ली में लगातार हो रही बारिश के बीच दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है। दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में एक इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। साउथ वेस्ट दिल्ली में हुए इस दर्दनाक हादसे में कई लोगों के मलबे के नीचे फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।