Major Twist In Surya Murder Case: गाजियाबाद के चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड ने नया मोड ले लिया है। हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस के सामने कई चौकाने वाले तथ्य सामने आ रहे है। पुलिस ने बताया कि जांच में सामने आया है कि असद के पिता को असद और सूर्या की दोस्ती पंसद नही थी इसलिए उसने असद को भड़काना शुरू किया जिसके बाद असद ने सूर्या के हत्या की साजिश रची।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस मामले के मुख्य आरोपी असद को उसके पिता नवाब ने ही कथित तौर पर हत्या के लिए उकसाया था। जांच में पता चला है कि नवाब को अपने बेटे असद की दोस्ती सूर्या चौहान के साथ पसंद नहीं थी। पुलिस के अनुसार नवाब ने असद के मन में सूर्या के खिलाफ भड़काना शुरू किया। समय के साथ यह नाराजगी और नफरत में बदल गई। इसके बाद बाइक चलाने को लेकर विवाद शूरू हुआ और असद ने अपनी नफरत को सूर्या की हत्या कर अंजाम दिया।
बता दें कि खोड़ा थाना क्षेत्र की नवनीत विहार कॉलोनी में रहने वाले 17 वर्षीय सूर्या चौहान को 28 मई, बकरीद के दिन उसके दोस्त असद और उसके साथियों ने चाकुओं से हमला किया था। बताया जा रहा है कि असद ने अपने साथियों के साथ मिलकर सूर्या को बकरीद के दिन कुर्बानी दिखाने के बहाने बुलाया था... फिर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए। परिजनों का दावा है कि गंभीर रूप से घायल सूर्या अपनी जान बचाने के लिए करीब 200 मीटर तक भागा, लेकिन हमलावरों ने दोबारा उसका पीछा कर कई हमले किए जिसके बाद सूर्या ने दम तोड़ दिया।
सूर्या की हत्या के बाद इलाके में भारी आक्रोश देखने को मिला था। सूर्या के परिजनों और हिंदू संगठनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया था। मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था जिसमें से 3 को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। हालांकि मुख्य आरोपी असद लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने असद पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
यह भी पढ़े- साकेत बिल्डिंग हादसे में अब तक 5 की मौत, फरार मालिक की तलाश में पुलिस कर रही छापेमारी, 2 इंजीनियर सस्पेंड
खोड़ा और इंदिरापुरम की पुलिस ने संयुक्त रूप से गुप्त सूचना के आधार पर इलाके में चेकिंग अभियान चलाया। घेराबंदी के दौरान असद ने अपने साथी के साथ बाइक से पहुंचकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में असद गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। घायल असद को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ। पुलिस ने मौके से असद की बाइक और हथियार बरामद किए है।
अब पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है जिन्होंने हत्या के पीछे की पूरी साजिश रची थी। अब जब पुलिस को हत्याकांड में असद के पिता के भी शामिल होने की शंका है तो इस एंगल से हत्या की साजिश रचने के आरोप में नवाब को भी गिरफ्तार किया जा सकता है।