जगदीश उइके (सोर्स-सोशल मीडिया) 
क्राइम

दिल्ली से गिरफ्तार हुआ जगदीश उइके, विमानों में बम धमाके की धमकी से देकर मचाया था हड़कंप

केंद्रीय मंत्री सहित देशभर की विमान कंपनियों को ईमेल भेजकर बम धमाके होने की अफवाह फैलाने वाला मोरगांव अर्जुनी, गोंदिया निवासी जगदीश श्रीराम उइके को सिटी पुलिस की टीम ने उसे दिल्ली से गिरफ्तार किया है।

अभिषेक सिंह

नागपुर: केंद्रीय मंत्री सहित देशभर की विमान कंपनियों को ईमेल भेजकर बम धमाके होने की अफवाह फैलाने वाला मोरगांव अर्जुनी, गोंदिया निवासी जगदीश श्रीराम उइके (35) आखिर पुलिस के हाथ लग गया। सिटी पुलिस की टीम ने उसे दिल्ली से गिरफ्तार किया है और उससे लगातार पूछताछ भी की जा रही है। ज्ञात हो कि लगातार धमकी भरे ईमेल आने से न सिर्फ नागपुर पुलिस बल्कि देशभर की सुरक्षा और जांच एजेंसियां हरकत में आ गई थी।

सभी एयरपोर्ट पर तैनात सीआईएसएफ को अधिक सतर्क रहने को कहा गया था। साथ ही बाहरी सुरक्षा भी बढ़ाई गई थी। अब जगदीश के गिरफ्तार होने से अन्य एजेंसियों ने भी राहत की सांस ली है। धमकी भरे ईमेल की जांच एटीएस, आईबी सहित अन्य खुफिया एजेंसी कर रही थी। सिटी पुलिस ने भी अपनी कमर कस ली। तकनीकी जांच की मदद से आरोपी जगदीश का पता लगाया, लेकिन वह पहले ही अपने घर से भाग निकला था। परिजनों से पूछताछ के दौरान पता चला कि वह दिल्ली में है, लेकिन उसका फोन स्विच ऑफ था।

जिससे लोकेशन मिलने में भी दिक्कत हो रही थी। तुरंत ही एक टीम को दिल्ली रवाना कर दिया गया। गुरुवार को उसे गिरफ्तार कर नागपुर लाया गया। बताया जाता है कि साइबर पुलिस स्टेशन में उसके खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। आला अधिकारियों की निगरानी में जगदीश से पूछताछ की जा रही है, लेकिन वह जांच में सहयोग नहीं कर रहा है। हर बार वह एक नई कहानी पुलिस को बता रहा है। इसीलिए शुक्रवार को उसे न्यायालय में पेश कर पुलिस हिरासत मांगी जाएगी। रिमांड कस्टडी में पुलिस उससे सच उगलवाने की कोशिश करेगी। जानकारी मिली है कि केंद्रीय एजेंसी के अधिकारी भी उससे पूछताछ कर सकते हैं।

पहले भी हो चुका है गिरफ्तार

जगदीश को वर्ष 2021 में एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। तब से उसके दिलो-दिमाग में सनक सवार है। दिलचस्प बात यह है कि वह पहले आतंकवाद पर एक किताब भी लिख चुका है। जगदीश ने विगत 21 अक्टूबर को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, रेलवे सुरक्षा बल के डीजी, उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और गृह सचिव सहित दर्जन भर अधिकारियों को बम विस्फोट की धमकी वाला ईमेल भेजा था। जिसमें उसने दिवाली के पूर्व 25 से 30 अक्टूबर के बीच देशभर में 30 से ज्यादा बम धमाके होने का उल्लेख किया था।

साथ ही यह भी लिखा था कि इसकी टूलकिट मेरे पास है। जैश ए मोहम्मद नामक आतंकी संगठन द्वारा ये विस्फोट किए जाएंगे। आतंकियों के निशाने पर 6 एयरपोर्ट है। साथ ही विस्तारा, स्पाइस जेट, इंडिगो, एयर इंडिया सहित 31 विमान कंपनियों के प्लेन हाईजैक होने का उल्लेख किया था। ईमेल में सीक्रेट कोड जैसे शब्दों का उल्लेख किया गया था। जिसके बीच-बीच में एयरपोर्ट, मंदिर, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन भी लिखा हुआ था। ये ईमेल मोबाइल के जरिए किया गया था।

रेहान वाड्रा की 74 तस्वीरें प्रदर्शनी से क्यों हटाई गईं? बीकानेर हाउस ने बताई वजह

अमित शाह ने केजरीवाल को ललकारा, 2029 तक साफ यमुना का बनाया लक्ष्य, बोले- पंजाब से उखाड़ फेकेंगे AAP की सरकार

त्रिपुरा में युवक के साथ बदतमीजी पर बवाल, स्टूडेंट्स फोरम ने की FIR की मांग, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ VIDEO

भारत बनेगा ग्लोबल केमिकल्स हब: केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा और सीएम फडणवीस ने की 'इंडिया केम 2026' की शुरुआत

तिरंगे की तस्वीर से आपत्ति! रेहान वाड्रा की प्रदर्शनी से 70 तस्वीरें हटाने का आदेश, जानें क्या है पूरा विवाद