उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा सोर्स- नवभारत लाइव
रायपुर

नए आपराधिक कानूनों पर गृहमंत्री विजय शर्मा का जोर, कहा- न्याय प्रणाली के हर स्तंभ का मजबूत होना जरूरी

CG New Criminal Laws : छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नए आपराधिक कानूनों का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब आपराधिक न्याय प्रणाली से जुड़े सभी विभाग समान रूप से मजबूत होंगे।

रोहित कुमार बंछोर

HIGHLIGHTS

  • गृहमंत्री विजय शर्मा ने नए कानूनों पर दिया जोर।

  • न्याय प्रणाली के हर स्तंभ को मजबूत करने की कही बात।

  • कार्यशाला में 4,200 से अधिक अधिकारी शामिल।

  • 36,371 पुलिसकर्मियों को मिला प्रशिक्षण।

  • सभी जिलों में ICJS व्यवस्था क्रियाशील।

Chhattisgarh Raipur New Criminal Laws : छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा है कि नए आपराधिक कानूनों का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब आपराधिक न्याय प्रणाली से जुड़े सभी विभाग समान रूप से मजबूत होंगे। पुलिस की अच्छी विवेचना के साथ फॉरेंसिक जांच, अभियोजन, जेल और न्यायालय की भूमिका भी प्रभावी होनी चाहिए। तकनीक के इस्तेमाल से न्याय प्रक्रिया तेज और पारदर्शी जरूर हो सकती है, लेकिन न्याय सुनिश्चित करने के लिए पूरी व्यवस्था का बेहतर तालमेल जरूरी है।

बता दें कि संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को हिदायतुल्ला राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एचएनएलयू), नवा रायपुर में नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई।

रिफॉर्म टू रियलिटी : छत्तीसगढ़ में नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन का आकलन विषय पर आयोजित इस कार्यशाला का आयोजन एचएनएलयू के सेंटर फॉर कम्पेरेटिव लॉ ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी के सहयोग से किया।

कार्यशाला में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि इंटर-ऑपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम (ICJS) पुलिस, अभियोजन, फॉरेंसिक विज्ञान, जेल और न्यायालय को एक डिजिटल मंच पर जोड़ता है। लेकिन केवल तकनीक के सहारे न्याय नहीं मिल सकता। यदि फॉरेंसिक रिपोर्ट में देरी होती है या अभियोजन पक्ष कमजोर रहता है, तो अच्छी विवेचना के बावजूद मामला प्रभावित हो सकता है। इसलिए न्याय व्यवस्था की हर कड़ी को मजबूत करना जरूरी है।

4,200 से अधिक अधिकारी कार्यशाला से जुड़े

कार्यशाला में उपनिरीक्षक से लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर तक के 300 पुलिस अधिकारी प्रत्यक्ष रूप से शामिल हुए। वहीं फॉरेंसिक वैज्ञानिकों, अभियोजन और जेल विभाग सहित विभिन्न विभागों के 3,917 अधिकारियों ने ऑनलाइन माध्यम से सहभागिता की। इस तरह कुल 4,200 से अधिक अधिकारी इस आयोजन से जुड़े।

उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा

छत्तीसगढ़ में नए कानूनों के क्रियान्वयन की दी जानकारी

महानिदेशक एवं राज्य पुलिस अकादमी के निदेशक जीपी सिंह ने नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में अब तक 36,371 पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। राज्य शासन ने इनके क्रियान्वयन के लिए 61 अधिसूचनाएं जारी की हैं। प्रदेश के सभी थाने ऑनलाइन हैं और लगभग 1.92 लाख एफआईआर डिजिटल रूप से दर्ज की जा चुकी हैं। इसके अलावा नौ नए साइबर थाने स्थापित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ ई-साक्ष्य नियम अधिसूचित करने वाले देश के शुरुआती सात राज्यों में शामिल है। मई 2026 से जिलों में 33 मोबाइल फॉरेंसिक वैन तैनात की गई हैं और सभी जिलों में आईसीजेएस क्रियाशील है।

जीपी सिंह ने कहा कि नए कानूनों ने जांच प्रक्रिया को स्वीकारोक्ति आधारित व्यवस्था से प्रमाण आधारित व्यवस्था की ओर आगे बढ़ाया है। अब वैज्ञानिक जांच, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और वीडियोग्राफी की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने दूरस्थ क्षेत्रों में इंटरनेट कनेक्टिविटी, डिजिटल साक्ष्यों के सुरक्षित रखरखाव और फॉरेंसिक प्रयोगशालाओं पर बढ़ते दबाव जैसी चुनौतियों का भी उल्लेख किया।

बिलासपुर और कांकेर के मामलों का दिया उदाहरण

जीपी सिंह ने नए कानूनों के प्रभाव को समझाने के लिए बिलासपुर और कांकेर के मामलों का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि बिलासपुर के एक हत्या प्रकरण में प्रत्यक्षदर्शियों के पक्षद्रोही होने के बावजूद वैज्ञानिक विवेचना और ई-साक्ष्य वीडियोग्राफी के आधार पर आरोपी को आजीवन कारावास की सजा हुई। वहीं कांकेर के नक्सली हमले से जुड़े मामले में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पांच आरोपियों को दोषसिद्ध किया गया।

उन्होंने कहा कि नए आपराधिक कानूनों को पुलिस अकादमी के प्रत्येक प्रशिक्षण पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया गया है। पुलिस अभियोजन और न्यायिक अधिकारियों के संयुक्त प्रशिक्षण की भी योजना बनाई जा रही है, ताकि जांच से लेकर न्यायालय तक की प्रक्रिया में बेहतर समन्वय स्थापित हो सके।

डीजीपी बोले- केवल अनुपालन नहीं, दोषसिद्धि है लक्ष्य

पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने कहा कि नए आपराधिक कानूनों की सफलता की असली कसौटी आम नागरिक को मिलने वाला न्याय है। लक्ष्य केवल कानूनी प्रावधानों का पालन करना नहीं, बल्कि मजबूत साक्ष्यों के आधार पर दोषियों को सजा दिलाना होना चाहिए। उन्होंने अंतरराज्यीय साइबर धोखाधड़ी और म्यूल अकाउंट नेटवर्क के खिलाफ संगठित अपराध से जुड़े नए प्रावधानों के प्रभावी इस्तेमाल पर जोर दिया।

वहीं छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश एवं पूर्व कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति गौतम भादुड़ी ने कहा कि नए कानूनों की सफलता न्यायालय में पेश किए जाने वाले साक्ष्यों की गुणवत्ता पर निर्भर करेगी। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की विश्वसनीयता, उनकी अभिरक्षा की श्रृंखला और जरूरी प्रमाणपत्रों का सही तरीके से पालन करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि त्वरित न्याय के साथ निष्पक्ष सुनवाई और अभियुक्तों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा भी उतनी ही जरूरी है।

एचएनएलयू के कुलपति प्रो. डॉ. वीसी विवेकानंदन ने कहा कि विधि विश्वविद्यालयों की जिम्मेदारी केवल कानून की शिक्षा देना नहीं, बल्कि उसके प्रभावी क्रियान्वयन में भी सहयोग करना है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ पुलिस के साथ साझेदारी के तहत नए कानून लागू होने से पहले ही प्रशिक्षण शुरू कर दिया गया था और अब तक 10 हजार से अधिक पुलिस अधिकारियों को प्रशिक्षित किया जा चुका है।

कार्यशाला के अंत में बीएनएस, बीएनएसएस और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के व्यावहारिक पहलुओं पर तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। कार्यक्रम में एचएनएलयू के प्रभारी कुलसचिव प्रो. डॉ. दीपक कुमार श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और विशेषज्ञ मौजूद रहे।

संसद का एक दिन का विशेष सत्र, 30 नवंबर को लोकसभा; 2 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक

पाकिस्तान की नींद उड़ाने आया भारत का भार्गवस्त्र, ड्रोन हमलों का देगा मुंह तोड़ जवाब; पास किया आखिरी टेस्ट

Kal Ka Mausam: 27 नवंबर को इन राज्यों में पड़ेगी कड़ाके की ठंड, कहीं शीतलहर तो कहीं कोहरे का अलर्ट

1970 में भी किसी को तानाशाही का भूत चढ़ा था…, नागपुर में अभिजीत दीपके ने की PM मोदी की इंदिरा गांधी से तुलना

मुंबई में प्रदर्शन करना पड़ा भारी! CJP के तीनों बड़े नेताओं पर LOC जारी, दीपके और रांका भी पुलिस के रडार पर