रायपुर उपार्जन केंद्र सोर्स - नवभारत लाइव
रायपुर

धान खरीदी में सिर्फ तीन दिन बाकी, नरदहा समेत कई उपार्जन केंद्रों में लटके ताले

Raipur Paddy Procurement : छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने जा रही है। अब तीन दिन शेष हैं, रायपुर जिले के कई उपार्जन केंद्रों में तैयारियां अधूरी नजर आ रही हैं।

जयदास मानिकपुरी, चंदू निर्मलकर

HIGHLIGHTS

  • उपार्जन केंद्रों में तैयारियों अब तक अधूरी।

  • केंद्रों के मुख्य गेट पर लटके मिले ताले।

  • सूचना पट्ट और दरों की तालिकाएं पड़ी धुंधली।

  • चबूतरे बने, लेकिन डनेज और तिरपाल का इंतजाम नहीं।

  • तैयारी अधूरी रही तो बढ़ सकती है परेशानी।

Raipur Procurement Centre : छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने जा रही है। खरीदी शुरू होने में अब सिर्फ तीन दिन शेष हैं, लेकिन रायपुर जिले के कई उपार्जन केंद्रों में तैयारियां अब तक अधूरी नजर आ रही हैं। कहीं केंद्रों के मुख्य गेट पर ताले लटके हैं तो कहीं परिसर में जरूरी व्यवस्थाएं दिखाई नहीं दे रही हैं।

नरदहा केंद्र में गेट से गोदाम तक ताला

राजधानी से महज 15 किलोमीटर दूर प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति नरदहा (पंजीयन क्रमांक 861) के उपार्जन केंद्र का मुख्य गेट बंद मिला। परिसर में न कोई कर्मचारी मौजूद था और न ही कोई जिम्मेदार अधिकारी दिखाई दिया। केंद्र का गोदाम भी बंद था। दीवारों पर लगे सूचना पट्ट और दरों की तालिकाएं धुंधली पड़ चुकी हैं। ऐसे में किसानों को पंजीयन, टोकन और भुगतान से जुड़ी जरूरी जानकारी स्पष्ट रूप से मिलना मुश्किल है।

रायपुर उपार्जन केंद्र

चबूतरे बने, लेकिन डनेज और तिरपाल का इंतजाम नहीं

धान खरीदी के बाद उपज को जमीन की नमी और बारिश से बचाने के लिए ऊंचे प्लिंथ यानी चबूतरों पर डनेज बिछाकर रखा जाता है। इसके ऊपर तिरपाल या पॉलीथिन से ढकने की व्यवस्था की जाती है। नरदहा केंद्र में चबूतरे तो बने हुए हैं, लेकिन उन पर डनेज बिछा हुआ नजर नहीं आया। तिरपाल की व्यवस्था भी दिखाई नहीं दी। कुछ चबूतरों के आसपास झाड़ियां उग आई हैं। वहीं, उनकी सतह पर तेल या कालिख जैसे धब्बे दिखाई दिए। परिसर में साफ-सफाई के भी स्पष्ट संकेत नहीं मिले।

खरीदी से पहले जरूरी तकनीकी इंतजाम भी अहम

धान खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा और पारदर्शी प्रक्रिया के लिए कई जरूरी व्यवस्थाएं होनी चाहिए। इनमें कैलिब्रेटेड और सत्यापित इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा, धान की नमी मापने का यंत्र और एफएक्यू गुणवत्ता जांचने के लिए सैंपलिंग उपकरण शामिल हैं। इसके अलावा पर्याप्त बारदाना, बोरों की सिलाई के लिए मशीन, कंप्यूटर, प्रशिक्षित ऑपरेटर और चालू इंटरनेट कनेक्शन भी जरूरी हैं।

किसानों के लिए टोकन व्यवस्था के साथ पेयजल, छाया और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध होनी चाहिए। सुरक्षा के लिहाज से अग्निशमन उपकरण और सीसीटीवी की व्यवस्था भी महत्वपूर्ण है। नरदहा केंद्र में फिलहाल इन व्यवस्थाओं की मौजूदगी स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दी।

रायपुर उपार्जन केंद्र

तैयारी अधूरी रही तो किसानों की बढ़ सकती है परेशानी

कटाई के बाद किसान अपनी उपज बेचने के इंतजार में हैं। ऐसे में यदि खरीदी केंद्र समय पर तैयार नहीं हुए तो तौल, टोकन और धान के भंडारण में देरी हो सकती है। किसानों को अपनी उपज खुले में रखने की मजबूरी भी झेलनी पड़ सकती है, जिससे बेमौसम बारिश और नमी के कारण धान खराब होने का खतरा रहेगा।

खासकर छोटे किसानों के लिए बार-बार उपार्जन केंद्र के चक्कर लगाना और अतिरिक्त परिवहन खर्च उठाना मुश्किल हो सकता है। ऐसे में खरीदी शुरू होने से पहले केंद्रों की व्यवस्थाएं दुरुस्त करना जरूरी है।

रायपुर उपार्जन केंद्र

जिम्मेदार अधिकारियों से नहीं हो सका संपर्क

नरदहा उपार्जन केंद्र की तैयारियों और वहां दिखाई दे रही अव्यवस्थाओं को लेकर पक्ष जानने के लिए समिति प्रबंधक, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक और जिला विपणन अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।

भारत की वीजा व्यवस्था में बड़ा बदलाव: 13 से घटकर 9 हुईं मुख्य श्रेणियां, आवेदन फॉर्म भी 70% तक हुए छोटे

MODI कैबिनेट के 5 बड़े फैसले: विश्वस्तरीय संग्रहालय से युवा स्टार्टअप तक, सरकार के बड़े ऐलान

प्रदूषण का असर स्कूलों तक, नोएडा-ग्रेटर नोएडा में 5वीं तक ऑनलाइन-ऑफलाइन पढ़ाई के निर्देश

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबीयत बिगड़ी, AIIMS में कराया गया भर्ती; डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा इलाज

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF जवानों पर आतंकी हमला, गोलीबारी में तीन जवान घायल