जल संचय जन भागीदारी योजना में लापरवाही (सोर्स - नवभारत लाइव)
रायपुर

अलग-अलग जगह छह बोरवेल रिचार्ज के दावे, तस्वीरें एक जैसी! रायपुर में जल संचय योजना की बंदरबाट?

Raipur Water Conservation Scheme: शहर के गोवर्धन नगर में सरकारी पोर्टल पर छह बोरवेल रिचार्ज संरचनाओं का निर्माण पूरा होना दर्ज है, लेकिन दो अलग-अलग कार्यों के लिए अपलोड की गई तस्वीरें एक ही है।

जयदास मानिकपुरी, चंदू निर्मलकर

HIGHLIGHTS

  • रायपुर नगर निगम के यतियतनलाल वार्ड का मामला।

  • सरकारी रिकॉर्ड में दोनों निर्माण स्थलों की GPS लोकेशन अलग।

  • दोनों के लिए एक ही तस्वीर कैसे इस्तेमाल की गई?

  • जल संचय जन भागीदारी योजना में सामने आई बड़ी लापरवाही।

Raipur Water Conservation Scheme Negligence: जल संरक्षण और भूजल स्तर बढ़ाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार की जल संचय जन भागीदारी पहल के तहत किए जा रहे कार्यों की निगरानी पर राजधानी रायपुर में सवाल खड़े हो रहे हैं। रायपुर नगर निगम के यतियतनलाल वार्ड स्थित गोवर्धन नगर में सरकारी पोर्टल पर छह बोरवेल रिचार्ज संरचनाओं का निर्माण पूरा होना दर्ज है, लेकिन इनमें से दो अलग-अलग कार्यों के लिए अपलोड की गई तस्वीरें एक जैसी होने का मामला सामने आया है।

हैरानी की बात यह है कि सरकारी रिकॉर्ड में इन दोनों निर्माण स्थलों की GPS लोकेशन अलग-अलग है और उनके बीच करीब 110 मीटर की दूरी है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब निर्माण अलग-अलग स्थानों पर हुए हैं, तो दोनों के लिए एक ही तस्वीर कैसे इस्तेमाल की गई?

पोर्टल पर गोवर्धन नगर के नाम से छह अलग-अलग कार्य आईडी

जल शक्ति मंत्रालय के जल संचय जन भागीदारी (Jal Sanchay Jan Bhagidari) पोर्टल पर गोवर्धन नगर के नाम से छह अलग-अलग कार्य आईडी दर्ज हैं। सभी कार्यों को New Constructed Structure और Bore-Well Recharge श्रेणी में रखा गया है।

पोर्टल पर इनकी स्थिति Completed बताई गई है। इन कार्यों की पूर्णता की तारीख जुलाई और अगस्त 2025 की दर्ज है। यानी सरकारी रिकॉर्ड के मुताबिक संबंधित क्षेत्र में कुछ ही महीनों के भीतर छह बोरवेल रिचार्ज संरचनाओं का निर्माण पूरा किया गया।

दोनों के लिए एक ही तस्वीर कैसे इस्तेमाल की गई?

दो निर्माण, अलग GPS लोकेशन और एक जैसी तस्वीर

इस मामले में कार्य आईडी 4392622 और 4392796 विशेष रूप से सवालों के घेरे में हैं। पोर्टल के अनुसार कार्य आईडी 4392622 की GPS लोकेशन 21.281244, 81.63031 है। इस कार्य की शुरुआत 12 जुलाई 2025 और पूर्णता 19 जुलाई 2025 दर्ज है। वहीं कार्य आईडी 4392796 की GPS लोकेशन 21.28165, 81.62934 बताई गई है। इसकी शुरुआत 14 अगस्त 2025 और पूर्णता 24 अगस्त 2025 दर्ज है। दोनों GPS लोकेशन के बीच लगभग 110 मीटर की सीधी दूरी है।

वास्तविक स्थिति की जांच जरूरी

यानी पोर्टल पर दोनों निर्माण अलग-अलग स्थानों पर होना बताया गया है। लेकिन इन दोनों कार्यों के साथ उपलब्ध तस्वीरें एक जैसी हैं। पोर्टल पर दर्ज अन्य कार्य आईडी 4391838, 4391936, 4392308 और 4557333 भी इसी गोवर्धन नगर क्षेत्र में बोरवेल रिचार्ज निर्माण के रूप में दर्ज हैं। इन सभी की स्थिति भी Completed बताई गई है। ऐसे में केवल दो कार्यों तक सीमित न रहकर सभी छह निर्माणों की वास्तविक स्थिति की जांच जरूरी हो जाती है।

जल संचय जन भागीदारी योजना का काला सच

जल संचय जन भागीदारी योजना का उद्देश्य जल संरक्षण और भूजल स्तर बढ़ाना है। ऐसे में रायपुर के गोवर्धन नगर में दर्ज बोरवेल रिचार्ज कार्यों की तस्वीरों को लेकर उठे सवालों पर संबंधित विभाग को ध्यान देना चाहिए।

आम लोगों को यह जानने का अधिकार है कि उनके क्षेत्र में सरकारी पोर्टल पर जिन निर्माण कार्यों को पूरा बताया गया है वे वास्तव में हुए हैं या नहीं। यदि अलग-अलग स्थानों के लिए एक जैसी तस्वीरें अपलोड की गई हैं तो विभाग को इसकी जांच कर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। इससे योजना के कामकाज में पारदर्शिता बनी रहेगी और लोगों का सरकारी योजनाओं पर भरोसा भी कायम रहेगा।

हसीना को बांग्लादेश भेजने के लिए भारत ने रखीं 2 शर्तें, रिपोर्ट में सहमति बनने का दावा

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को AIIMS से मिली छुट्टी, मॉर्निंग वॉक में हुए थे बेहोश

पंजाब में तीर्थ यात्रियों से भरी दो बसों की भीषण टक्कर, 4 की मौत; 10 की हालत गंभीर

हादसा नहीं, साजिश थी... सोनिया गांधी की किताब में साबरमती अग्निकांड के जिक्र पर राकेश अस्थाना का बड़ा खुलासा

11 घंटे में 4 बार कांपी जम्मू-कश्मीर की धरती, क्या यह किसी बड़े खतरे का संकेत है?