शराब घोटाले और महादेव ऑनलाइन सट्टा में बड़ा अपडेट।
विदेश में बैठे आरोपियों को भारत लाने दुबई पहुंची जांच एजेंसियां।
शराब घोटाले के आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू पकड़ने पहुंची टीम।
महादेव सट्टा प्रकरण के सह-प्रमोटर रवि उप्पल को भी लाया जाएगा भारत।
Chhattisgarh Mahadev Satta And liquor Case Update: छत्तीसगढ़ के दो बहुचर्चित शराब घोटाले और महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद अब विदेश में बैठे आरोपियों को भी भारत लाने की कवायद तेज हो गई है। शराब घोटाले के आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू और महादेव सट्टा प्रकरण के सह-प्रमोटर रवि उप्पल को दुबई से भारत लाने के लिए जांच एजेंसियां ने तैयारी तेज कर दी है। इसके लिए विदेश मंत्रालय के समन्वय से सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीमें दुबई पहुंची हैं।
जांच एजेंसियां दोनों आरोपियों को भारत लाने के लिए कानूनी और कूटनीतिक औपचारिकताएं पूरी करने में जुटी हैं। सूत्रों के मुताबिक, प्रत्यर्पण से संबंधित जरूरी दस्तावेजों और प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके लिए इंटरपोल और दुबई प्रशासन के साथ समन्वय किया जा रहा है। प्रत्यर्पण की मंजूरी मिलने के बाद दोनों आरोपियों को भारत लाया जा सकता है। इसके बाद उन्हें रायपुर की विशेष अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की तैयारी है।
विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू से शराब घोटाले में कथित वित्तीय लेन-देन, अन्य आरोपियों के साथ संपर्क और पूरे नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा सकती है। वहीं, महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में रवि उप्पल से नेटवर्क के संचालन, पैसों के लेन-देन और विदेशों में फैले कथित कारोबार से जुड़े सवाल किए जाने की संभावना है।
जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि दोनों आरोपियों से पूछताछ में कथित हवाला नेटवर्क, मनी लॉन्ड्रिंग और विदेशों में मौजूद संपत्तियों से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं। हालांकि, दोनों को भारत लाने की प्रक्रिया अभी कानूनी और कूटनीतिक औपचारिकताओं पर निर्भर है।
छत्तीसगढ़ के इन चर्चित मामलों में दोनों आरोपियों का प्रत्यर्पण जांच एजेंसियों के लिए अहम माना जा रहा है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि दुबई में चल रही प्रक्रिया कब पूरी होती है और दोनों आरोपियों को भारत कब लाया जाता है।