विकास को तरस रहा कुलेश्वर महादेव मंदिर मार्ग (सोर्स - नवभारत)
रायपुर

राजिम में तीन नदियों का संगम, लेकिन विकास को तरसा कुलेश्वर धाम! हर साल मुरूम से भरते हैं सड़क के गड्ढे

Rajim Triveni Sangam: त्रिवेणी संगम पर स्थित कुलेश्वर महादेव मंदिर और समीपस्थ लोमस ऋषि आश्रम का महत्व केवल धार्मिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से भी विशेष है।

चंदू निर्मलकर

HIGHLIGHTS

  • कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निरीक्षण से जगी उम्मीद।

  • पौराणिक, धार्मिक एवं सनातनी आस्था की अनमोल धरोहर त्रिवेणी संगम।

  • स्थायी सड़क निर्माण या फिर मुरूम डालकर होगी खानापूर्ति।

  • लोमस ऋषि आश्रम का महत्व आध्यात्मिक और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से भी विशेष।

Rajim Triveni Sangam Kuleshwar Mahadev Temple: प्राकृतिक सौंदर्य, ऐतिहासिक गौरव, पौराणिक मान्यताओं, धार्मिक परंपराओं और सनातनी आस्था को अपने भीतर समेटे त्रिवेणी संगम क्षेत्र छत्तीसगढ़ की अनमोल विरासत है। महानदी, पैरी और सोंढूर नदियों के पवित्र संगम पर स्थित कुलेश्वर महादेव मंदिर और समीपस्थ लोमस ऋषि आश्रम का महत्व केवल धार्मिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से भी विशेष है। इसके बावजूद इस महत्वपूर्ण तीर्थस्थल तक पहुंचने वाले मार्ग की बदहाली विकास के दावों पर सवाल खड़े कर रही है।

स्थायी सड़क निर्माण की समस्या

हर साल मेला नजदीक आते ही सड़क पर मुरूम डालकर अस्थायी व्यवस्था की जाती है, लेकिन स्थायी सड़क निर्माण की समस्या आज भी जस की तस है। ऐसे में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निरीक्षण के बाद क्षेत्रवासियों के मन में एक बार फिर उम्मीद जगी है कि क्या इस बार वास्तव में इन धार्मिक स्थलों का कायाकल्प होगा या फिर आगामी मेला भी कीचड़ और बदहाल रास्तों के बीच ही संपन्न होगा।

तीन जिलों की सीमाओं का मिलन

दरअसल, त्रिवेणी संगम का महत्व कई दृष्टियों से विशिष्ट है। यहां तीन नदियों का संगम, तीन जिलों की सीमाओं का मिलन, तीन थानों का क्षेत्र और तीन पुलों का जुड़ाव है। इसके साथ ही तीन विधानसभा क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी भी इस क्षेत्र के विकास से जुड़ती है। इतनी विशेष भौगोलिक और धार्मिक पहचान होने के बावजूद कुलेश्वर महादेव मंदिर तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को हर साल परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बारिश के दिनों में मार्ग कीचड़ से भर जाता है और आवागमन कठिन हो जाता है। मेला आने पर मुरूम डालकर रास्ता चलने लायक बनाया जाता है, लेकिन यह व्यवस्था स्थायी समाधान नहीं बन पा रही है।

कलेक्टर ने कुलेश्वर महादेव मंदिर का किया निरीक्षण

इसी बीच ऐतिहासिक, धार्मिक एवं प्राकृतिक महत्व के स्थलों को पर्यटन के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जनप्रतिनिधियों के साथ मगरलोड जनपद क्षेत्र के नवागांव स्थित लोमस ऋषि आश्रम एवं कुलेश्वर महादेव मंदिर का निरीक्षण किया। इस दौरान मगरलोड जनपद अध्यक्ष वीरेंद्र साहू ने इन स्थलों को पर्यटन के मानचित्र पर विशेष पहचान दिलाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि इन धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासतों का योजनाबद्ध विकास होने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

अधूरे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश

कलेक्टर ने स्थल निरीक्षण के दौरान आधारभूत संरचना, पहुंच मार्ग, स्वच्छता, पेयजल, सौंदर्यीकरण और पर्यटकों की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने लोमस ऋषि आश्रम में अधूरे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। आश्रम के समीप 50-60 चौपाटी निर्माण तथा कुलेश्वर महादेव मंदिर तक पहुंचने के लिए सड़क निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने को कहा।

मंदिर परिसर में आगामी महीनों में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तीन शेड, फ्लोरिंग सहित अन्य विकास कार्य कराने की बात कही। ग्रामीणों की मांग पर धान खरीदी केंद्र तक मुरूम सीलिंग, विभिन्न स्थानों पर सोलर लाइट और नवागांव में आंगनबाड़ी केंद्र की मांग को डीएमएफ एवं अन्य मदों से पूरा कराने का भरोसा भी दिलाया।

हर साल कीचड़ और मुरूम के अस्थायी रास्तों से होकर गुजरना होता है

लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि निरीक्षण में दिए गए निर्देशों का क्रियान्वयन कब शुरू होगा । पर्यटन विकास की योजनाएं तभी सार्थक होंगी, जब श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने के लिए हर साल कीचड़ और मुरूम के अस्थायी रास्तों से न गुजरना पड़े। त्रिवेणी संगम जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल पर स्थायी पहुंच मार्ग, व्यवस्थित पार्किंग, स्वच्छता, पेयजल और श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सुविधाएं प्राथमिकता से विकसित की जानी चाहिए।

क्षेत्रवासियों को अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर काम दिखाई देने का इंतजार है। कलेक्टर का निरीक्षण उम्मीद की शुरुआत है, लेकिन असली परीक्षा आगामी मेले से पहले होगी। क्या इस बार कुलेश्वर महादेव मंदिर मार्ग का स्थायी समाधान निकलेगा या फिर हर साल की तरह मेला नजदीक आने पर मुरूम डालकर जिम्मेदारियां पूरी मान ली जाएंगी।

Story By - Vinod Jain

अब मुर्गियों के लिए बर्ड फ्लू की स्वदेशी वैक्सीन मात्र 1 से 2 रुपए में, 6 महीने के लिए मिलेगी वायरस से सुरक्षा

Shivangi Singh Tilak Photos: शिवांगी के तिलक में क्या-क्या हुआ खास? देखें समारोह की वायरल तस्वीरें

राजस्थान पंचायत चुनाव में BJP क्यों हारी? जानें 5 बहुत बड़े कारण; 20 मंत्री नहीं बचा पाए अपना गढ़

IIT खड़गपुर के 75 साल पूरे, पीएम नरेंद्र मोदी ने जारी किया स्मारक सिक्का, छात्रों से की खास बातचीत

महाराष्ट्र में भारत के पहले 100% इलेक्ट्रिक हाइड्रोफॉइल जहाज का सफल परीक्षण, समंदर में दौड़ा कंडेला P-12 जहाज