दिल्ली के अधिवक्ता हिमांशु शेखर गिरफ्तार (सोर्स- नवभारत लाइव)
रायपुर

कौन हैं हिमांशु शेखर, महादेव सट्टा केस में हर महीने करोड़ों का पेमेंट, मुंबई में पकड़ाया, जानें पूरा प्रोफाइल

Saurabh Chandrakar: महादेव सट्टा केस में सौरभ चंद्राकर के वकील हिमांशु शेखर की गिरफ्तारी ने मामले में एक नया मोड़ ला दिया है। सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।

चंदू निर्मलकर

HIGHLIGHTS

  • ED ने महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में दिल्ली के अधिवक्ता हिमांशु शेखर को गिरफ्तार किया।

  • जांच एजेंसी का आरोप है कि सौरभ चंद्राकर से 15 करोड़ रुपये से अधिक की रकम ली गई।

  • मुंबई एयरपोर्ट पर हिरासत और ट्रांजिट रिमांड को लेकर कानूनी विवाद के बाद बॉम्बे हाईकोर्ट ने ED को राहत दी।

  • रायपुर की विशेष अदालत ने हिमांशु शेखर को 28 नवंबर तक ED की रिमांड पर सौंपा है।

Saurabh Chandrakar Lawyer Himanshu Shekhar Arrested: दिल्ली के कॉर्पोरेट अधिवक्ता हिमांशु शेखर की गिरफ्तारी ने महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में एक नया मोड़ ला दिया है। दरअसल सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने हिमांशु के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी कर मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया।

आरोप है कि महादेव सट्टा केस से जुड़े सभी मामलों में जजों और अफसरों को सेट करने के लिए सौरभ चंद्राकर से 15 करोड़ रुपए लिए थे। सौरभ के मुताबिक, अक्टूबर 2023 में दुबई के एक विला में हुई बैठक के दौरान हिमांशु ने उनके खिलाफ चल रहे आपराधिक मामलों को मैनेज करने और इंटरपोल के नोटिस निष्प्रभावी कराने का भरोसा दिया था।

कौन हैं हिमांशु शेखर उर्फ मोहित पाठक, चलिए जानते हैं पूरा प्रोफाइल

महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले की जांच अब केवल इसके प्रमोटरों और कथित आर्थिक लेन-देन तक सीमित नहीं रह गई है। इस मामले में दिल्ली के कॉर्पोरेट अधिवक्ता हिमांशु शेखर की गिरफ्तारी ने जांच को एक नया मोड़ दिया है।

प्रवर्तन निदेशालय (ED) का आरोप है कि हिमांशु ने महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से 15 करोड़ रुपये से अधिक की रकम ली थी। आरोप है कि उसने सट्टा मामले में राहत दिलाने और न्यायिक व प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े लोगों को प्रभावित कराने का भरोसा दिया था। रायपुर की विशेष अदालत ने उन्हें 28 नवंबर तक ED की हिरासत में भेजा है।

सुप्रीम कोर्ट से शुरू हुआ वकालत का सफर

हिमांशु शेखर का सफर सुप्रीम कोर्ट में लॉ क्लर्क-कम-रिसर्च असिस्टेंट के रूप में शुरू हुआ। यहां उन्होंने तत्कालीन सुप्रीम कोर्ट न्यायाधीश जस्टिस आर.वी. रवींद्रन के साथ काम किया। इसके बाद उन्होंने वकालत के पेशे में कदम रखा। उपलब्ध पेशेवर प्रोफाइल के अनुसार, उनके पास 13 साल से अधिक का अनुभव है।

हिमांशु ने वर्ष 2008 में नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, जोधपुर से बीबीए एलएलबी (ऑनर्स) की डिग्री हासिल की। वर्ष 2021 में गलगोटियास यूनिवर्सिटी से मास्टर ऑफ लॉ की पढ़ाई पूरी की। वह वर्ष 2008 से बार काउंसिल ऑफ दिल्ली में नामांकित हैं और 'लेक्स प्रैक्सिस' में सीनियर पार्टनर के साथ लिटिगेशन विभाग के प्रमुख रहे हैं।

आपराधिक से लेकर संवैधानिक मामलों तक रहा अभ्यास

उनके अभ्यास के प्रमुख क्षेत्रों में आपराधिक कानून, व्हाइट कॉलर अपराध, संवैधानिक कानून, सेवा कानून, वैवाहिक विवाद, उपभोक्ता कानून, पर्यावरण और मानवाधिकार से जुड़े मामले शामिल हैं। चिकित्सा लापरवाही और मौलिक अधिकारों से जुड़े मामलों में भी उन्होंने काम किया है।

15 करोड़ के आरोप से कैसे जुड़ा मामला?

ED के अनुसार, सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान हिमांशु शेखर का नाम सामने आया। एजेंसी का दावा है कि कथित रकम के भुगतान के सिलसिले में दुबई यात्राओं और वित्तीय लेन-देन की भी जांच की जा रही है। 20 नवंबर को उन्हें मुंबई एयरपोर्ट पर दुबई जाते समय लुकआउट सर्कुलर के आधार पर रोका गया था।

ट्रांजिट रिमांड को लेकर मुंबई की विशेष अदालत में ED को शुरुआती झटका लगा, लेकिन बॉम्बे हाईकोर्ट ने 23 नवंबर को उस आदेश को रद्द कर आगे की कार्रवाई का रास्ता साफ किया। इसके बाद उन्हें रायपुर लाकर विशेष अदालत में पेश किया गया।

5 महीने तक हर माह 60 करोड़ देने का जिक्र

सौरभ के बयान के मुताबिक, दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच हिमांशु ने कई किस्तों में बड़ी रकम ली। उसने कथित तौर पर कहा था कि यह पैसा भारत में वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। सौरभ ने दावा किया कि रकम दिल्ली और मुंबई के हवाला ऑपरेटरों के जरिए नकद दी गई। कुछ रकम दुबई में भी पहुंचाई गई।

ईडी ने 21 नवंबर को दिल्ली में हिमांशु से जुड़े चार ठिकानों पर तलाशी ली थी। अर्जी के मुताबिक, पंचशील पार्क स्थित घर से हाथ से लिखे नोट मिले। इनमें मुंबई हवाला राजू भाई, वसीम और दिल्ली-मुंबई में रकम भेजने से जुड़े उल्लेख हैं।

एक दूसरे नोट में 10 करोड़, 15 करोड़, 35 करोड़ और 45 करोड़ रुपए के साथ हर महीने 60 करोड़ रुपए देने का हिसाब लिखा होने की बात कही गई है। इसके साथ 7 महीने की योजना भी लिखा है। ईडी इन नोट्स में दर्ज राजू या राजू भाई की पहचान और कथित हवाला नेटवर्क का पता लगाना चाहती है। हिमांशु के सैमसंग गैलेक्सी फोल्ड फोन की जांच में 473 एमबी का एक वीडियो मिला है।

दिल्ली में छापेमारी, हस्तलिखित पर्चियों में करोड़ों के हिसाब की जांच

ईडी ने 21 नवंबर को हिमांशु से जुड़े दिल्ली के चार ठिकानों पर तलाशी ली थी। इनमें पंचशील पार्क स्थित उसका आवास और लाजपत नगर स्थित उसकी कंपनी यस्या मीडिया प्राइवेट लिमिटेड का कार्यालय भी शामिल था। तलाशी के दौरान अधिकारियों को हाथ से लिखे कुछ नोट मिले, जिनमें करोड़ों रुपये के लेनदेन, मुंबई-दिल्ली और हवाला से जुड़े संभावित हिसाब दर्ज होने का संदेह जताया गया है।

इन पर्चियों में मुंबई, दिल्ली, हवाला और रकम से जुड़ी कई प्रविष्टियां मिली हैं। कुछ जगह करोड़ों की रकम और किस्तों में भुगतान का उल्लेख है। ईडी इन प्रविष्टियों का मिलान सौरभ के बयानों और हवाला लेनदेन से कर रही है। हालांकि, पर्चियों में दर्ज व्यक्तियों और रकम का वास्तविक संबंध अभी जांच का विषय है।

यात्रा रिकॉर्ड और कंपनी के कारोबार में बढ़ोतरी भी जांच के दायरे में

ईडी ने हिमांशु के विदेश यात्रा रिकॉर्ड की भी पड़ताल की है। एजेंसी के अनुसार, वह अक्टूबर 2023 में दुबई गया था और कुछ दिनों बाद भारत लौटा था। इसके बाद भी दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच उसकी कई विदेश यात्राएं सामने आई हैं। यह वही अवधि है, जिसमें सौरभ ने अतिरिक्त नकद भुगतान किए जाने का आरोप लगाया है।

ईडी ने हिमांशु की कंपनी यस्या मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के वित्तीय रिकॉर्ड भी खंगाले हैं। एजेंसी के अनुसार, कंपनी का कारोबार वित्त वर्ष 2022-23 में करीब 52.66 लाख रुपये था, जो 2023-24 में बढ़कर 15.55 करोड़ रुपये हो गया। इस बढ़ोतरी और कथित भुगतान के बीच संबंध की जांच की जा रही है।

महिला कलेक्टर से कथित दुर्व्यवहार, TVK विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग; DMK सांसद ने उठाया CM विजय पर सवाल

PM मोदी ने किस व्यक्ति की फोटो नेपाल के प्रधानमंत्री को दी? जिससे वो भावुक हो गए

यूपी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस को दिया मात्र 26 सीटों का ऑफर, इमरान मसूद भड़के; कहा- भीख नहीं मांग रहा

Bisleri का पानी ही जांच में फंसा तो लोकल बोतलों का क्या भरोसा? अवैध प्लांट में तैयार हो रहा सेहत का खतरा

गगनयान के अंतरिक्ष यात्रियों ने रूस में ली जीरो-ग्रैविटी ट्रेनिंग, कभी उछले, कभी हवा में तैरे; VIDEO VIRAL