Chhattisgarh Rape Case: जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने एक वीडियो जारी कर तीन साल की बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म का आरोप लगाया है। वीडियो के जरिए कहा कि अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के परिसर से कुछ दूरी पर यह घटना घटित हुई है। अमित जोगी ने वीडियो जारी करते हुए बताया कि कथित घटना गुरुवार रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना AIIMS परिसर से कुछ दूरी पर स्थित उस किराए के मकान में घटना हुई, जहां पीड़ित बच्ची अपने परिवार के साथ रहती है। घटना के बाद बच्ची को इलाज के लिए AIIMS रायपुर के पीडियाट्रिक सर्जरी वार्ड में भर्ती कराया गया है। बच्ची का उपचार जारी होने की जानकारी भी उन्होंने बताई है।
इस मामले में अमित जोगी ने गंभीर सवाल खड़ा करते हुए पुलिस की कार्रवाई को लेकर उठाए सवाल। आरोप लगाया गया है कि घटना की जानकारी सामने आने के बावजूद अब तक प्राथमिकी (FIR) दर्ज नहीं की गई है। हालांकि, FIR दर्ज होने की वर्तमान स्थिति की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। मामले को लेकर अमित जोगी ने हस्तक्षेप करते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने AIIMS के डायरेक्टर से मुलाकात करने और पुलिस कमिश्नर से बातचीत करने का दावा किया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
अमित जोगी की ओर से मांग की गई है कि मामले में तत्काल FIR दर्ज कर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाए। साथ ही आरोपी की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई है। इसके अलावा पीड़ित बच्ची को मुफ्त और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, उसकी उचित देखभाल तथा मनोवैज्ञानिक काउंसलिंग की व्यवस्था करने पर जोर दिया गया है। निजी सिक्योरिटी एजेंसी की जवाबदेही तय करने की मांग भी की गई है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की जांच हो सके।
तीन साल की बच्ची से जुड़े इस संवेदनशील मामले में अब पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया और FIR दर्ज होने की स्थिति स्पष्ट होना बाकी है। मामले की निष्पक्ष जांच, बच्ची की सुरक्षा और परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।