ई-रिक्शा और 200 रुपए नकद समेत कुल 76,200 रुपये की संपत्ति जब्त
दुर्ग निर्वाचन कार्यालय से मतपेटी चोरी मामले में खुलासा।
निर्वाचन कार्यालय में चल रही चुनाव कार्य की तैयारी।
ई-रिक्शा से ले गया मतपेटियां, 4 की तलाश जारी।
Ballot Box Theft Before Durg Election: दुर्ग के स्थानीय निर्वाचन कार्यालय के गोदाम से मतपेटियां चोरी कर कबाड़ी की दुकान में बेचने का मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने चोरी करने वाले युवक और चोरी की मतपेटियां खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह मतपेटियां, वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा और 200 रुपये नकद समेत कुल 76,200 रुपये की संपत्ति जब्त की है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 18 अक्टूबर को निर्वाचन कार्यालय में चुनाव कार्य की तैयारी के दौरान गोदाम से 10 मतपेटियां गायब होने की जानकारी मिली थी। इनकी कुल कीमत 10 हजार रुपये बताई गई। कार्यालय में ड्यूटी कर रहे राजू सारथी को ग्रामीण यांत्रिकी सेवा कार्यालय के चौकीदार ने बताया था कि एक व्यक्ति पेटी उठाकर ले जा रहा है। बाहर पहुंचने पर संदिग्ध नहीं मिला। इसके बाद मतपेटी गोदाम की जांच की गई, तो 10 मतपेटियां गायब मिलीं।
शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली थाने में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस को मिलपारा निवासी 22 वर्षीय युशु यादव पर संदेह हुआ। पूछताछ में उसने मतपेटियां चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी ने पुलिस को बताया कि चोरी की मतपेटियां उसने गयानगर निवासी 65 वर्षीय कबाड़ी देवानंद सोनी की दुकान में बेची थीं। इस जानकारी के बाद पुलिस ने देवानंद सोनी से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, उसके कब्जे से चोरी की छह मतपेटियां बरामद की गईं। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने चोरी की वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा क्रमांक CG 07 CR 0648, जिसकी कीमत 70 हजार रुपये है, और 200 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। छह मतपेटियों की कीमत छह हजार रुपये आंकी गई है। इस तरह कुल जब्ती 76,200 रुपये की हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।