मीनाक्षी नटराजन नामांकन विवाद पर कांग्रेस का विरोध तेज, निर्वाचन आयोग कार्यालय पर धरना दे रहे कांग्रेसी

MP Political News: मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने के विरोध में कांग्रेस विधायक दल निर्वाचन आयोग पहुंचा और धरना प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं।
Congress protest outside Election Commission
प्रदर्शन करते कांग्रेसी (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Congress protest outside Election Commission: राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने को लेकर राजनीतिक विवाद लगातार गहराता जा रहा है। पार्टी ने इस कार्रवाई के विरोध में अपना आंदोलन तेज कर दिया है। इसी क्रम में कांग्रेस विधायक दल बीती रात निर्वाचन आयोग कार्यालय पहुंचा और वहां लंबे समय तक धरना-प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार, कांग्रेस की ओर से आरोप लगाया जा रहा है कि नामांकन निरस्तीकरण की कार्रवाई लोकतांत्रिक प्रक्रिया के अनुरूप नहीं की गई है। पार्टी का कहना है कि इस निर्णय से राजनीतिक असंतोष और अविश्वास का माहौल बना है।

आज भी चुनाव आयोग के बाहर प्रदर्शन

आज सुबह से भी कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक निर्वाचन आयोग कार्यालय के बाहर एकत्र होकर लगातार नारेबाजी कर रहे हैं। इस दौरान वरिष्ठ विधायक फूल सिंह बरैया सहित कई प्रमुख नेता मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया।

लोकतांत्रिक मूल्यों को बचाने की लड़ाई

फूल सिंह बरैया ने कहा कि यह लड़ाई केवल एक नामांकन के निरस्तीकरण की नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों को बचाने की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोकतंत्र के नियमों की अनदेखी कर रही है और संस्थागत प्रक्रियाओं को प्रभावित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को गंभीरता से उठा रही है और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।

मामले की निष्पक्ष जांच हो

बरैया ने यह भी बताया कि बीते दिन धरने के दौरान निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने कहा था कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी की तबीयत खराब होने के कारण तत्काल ज्ञापन स्वीकार नहीं किया जा सका। हालांकि, आज ज्ञापन लेने का आश्वासन दिया गया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि उनका आंदोलन केवल नामांकन निरस्तीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए भी है। पार्टी ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और सभी तथ्यों की पारदर्शी समीक्षा हो।

भाजपा और कांग्रेस के बीच बढ़ रहा विवाद

वहीं दूसरी ओर, राजनीतिक गलियारों में मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त करने को लेकर सरगर्मी बढ़ गई है। राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और भाजपा के बीच यह विवाद अब और अधिक राजनीतिक रूप लेता जा रहा है। प्रशासनिक स्तर पर भी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com