दुर्ग के ग्राम डुण्डेरा में पैतृक जमीन फर्जी तरीके से हड़पने का मामला।
हैंडराइटिंग एक्सपर्ट की जांच में मृतक के हस्ताक्षर फर्जी पाए गए।
फर्जी इकरारनामा और बिक्री नामा तैयार करने का आरोप।
मृतक की जमीन पत्नी के नाम कराने के मामले में तीन गिरफ्तार।
पुलिस ने मूल स्टाम्प, रजिस्ट्री पत्रक और 43 पन्नों के दस्तावेज किए जब्त।
Chhattisgarh Durg Land Fraud : पैतृक जमीन हड़पने के लिए किस तरह दस्तावेजों में हेराफेरी कर फर्जीवाड़े को अंजाम दिया गया, इसका खुलासा हैंडराइटिंग एक्सपर्ट की जांच रिपोर्ट से हुआ है। ग्राम डुण्डेरा की कृषि भूमि को लेकर सामने आए इस मामले में आरोपियों ने मृतक भूमि स्वामी बोधीराम साहू के हस्ताक्षर की नकल कर इकरारनामा और बिक्री नामा तैयार किया और जमीन अपनी पत्नी के नाम कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई।
शिकायत की जांच के बाद उतई पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवकुमार साहू, उसकी पत्नी सीमा साहू और कौशल कुमार साहू को गिरफ्तार किया है।
मामले में सबसे अहम कड़ी हैंडराइटिंग विशेषज्ञ की जांच रिपोर्ट बनी। प्रार्थी पन्ना लाल साहू ने अपने पिता स्वर्गीय बोधीराम साहू के नाम से तैयार किए गए जमीन संबंधी दस्तावेजों के हस्ताक्षरों पर संदेह जताते हुए उनकी जांच कराई थी। विशेषज्ञ की रिपोर्ट में 24 सितंबर 2022 के इकरारनामा और 18 नवंबर 2022 के बिक्री नामा में दर्ज हस्ताक्षर बोधीराम साहू के नहीं होना बताया गया। इस रिपोर्ट ने दस्तावेजी फर्जीवाड़े को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
शिकायत के अनुसार शिवकुमार साहू ने अपनी पत्नी सीमा साहू और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर ग्राम डुण्डेरा स्थित बोधीराम साहू की पैतृक कृषि भूमि को हड़पने की साजिश रची। इसके तहत पहले 24 सितंबर 2022 को फर्जी इकरारनामा तैयार किया गया और फिर 18 नवंबर 2022 को बोधीराम साहू के नाम से फर्जी हस्ताक्षर कर बिक्री नामा बनाया गया। इन दस्तावेजों के आधार पर जमीन सीमा साहू के नाम कराने और रजिस्ट्री कराने का आरोप है।
प्रार्थी पन्ना लाल साहू ने 26 नवंबर को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की थी। शिकायत के आधार पर थाना उतई में धारा 420, 467, 468, 471 एवं 34 भादवि में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से बिक्री नामा का ई-स्टाम्प सर्टिफिकेट, इकरारनामा का मूल स्टाम्प पेपर, 14 फरवरी 2023 का ई-स्टाम्प और रजिस्ट्री पत्रक की मूल प्रति जब्त की गई। इसके अलावा प्रार्थी द्वारा प्रस्तुत 43 पन्नों के दस्तावेज भी प्रकरण में शामिल किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में शिवकुमार साहू और उसकी पत्नी सीमा साहू निवासी राधिका नगर, सुपेला तथा कौशल कुमार साहू निवासी इंदिरा नगर, ग्राम डुण्डेरा शामिल हैं। पुलिस तीनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई कर रही है।