UAE से भारत लाया गया आरोपी विकास अग्रवाल, छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में था फरार।
2019 से 2022 के बीच शराब घोटाले से सरकारी खजाने को 1,280 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान पहुंचाने का आरोप।
CBI के मुताबिक, सिंडिकेट में विकास अग्रवाल की भूमिका कथित ‘मनीमैन’ और केंद्रीय वित्तीय समन्वयक की थी।
डिस्टिलरी से सरकारी अधिकारियों और अन्य लाभार्थियों तक कमीशन की रकम पहुंचाने का आरोप।
Chhattisgarh Liquor Scam Vikas Agrawal Arrest: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में जांच एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली है। इस मामले में फरार चल रहे विकास अग्रवाल को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से भारत लाया गया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और छत्तीसगढ़ पुलिस के साथ समन्वय कर उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी कराई।
विकास अग्रवाल पर 2019 से 2022 के बीच शराब वितरण व्यवस्था में कथित अनियमितताओं के जरिए राज्य के खजाने को 1,280 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान पहुंचाने वाले सिंडिकेट में अहम भूमिका निभाने का आरोप है। CBI की ओर से 27 नवंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक विकास अग्रवाल छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा दर्ज भ्रष्टाचार के मामले में वांछित था। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय दंड संहिता (IPC) के तहत मामला दर्ज है।
जांच एजेंसी के मुताबिक विकास अग्रवाल कथित संगठित सिंडिकेट में केंद्रीय वित्तीय समन्वयक की भूमिका निभा रहा था। उसे इस नेटवर्क में ‘मनीमैन’ के नाम से भी जाना जाता था। आरोप है कि उसने डिस्टिलरी से सरकारी अधिकारियों और अन्य लाभार्थियों तक कमीशन की रकम पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा कथित अपराध से अर्जित धन को विभिन्न कंपनियों और वित्तीय व्यवस्थाओं के जरिए छिपाने में भी मदद की।
इस मामले में नवंबर 2024 में अदालत के समक्ष आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है। हालांकि विकास अग्रवाल फरार था। छत्तीसगढ़ पुलिस के अनुरोध पर CBI के नई दिल्ली स्थित नेशनल सेंट्रल ब्यूरो ने इंटरपोल के माध्यम से उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया था। इसके बाद UAE की एजेंसियों ने उसकी लोकेशन का पता लगाकर उसे गिरफ्तार किया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद UAE प्रशासन ने उसे भारत प्रत्यर्पित कर दिया।
छत्तीसगढ़ पुलिस की एस्कॉर्ट टीम UAE पहुंची और दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उसे भारतीय टीम के सुपुर्द किया गया। इसके बाद 27 नवंबर को विकास अग्रवाल को लेकर टीम मुंबई एयरपोर्ट पहुंची।
CBI के मुताबिक भारत में इंटरपोल के साथ समन्वय के लिए भारतपोल के माध्यम से कार्रवाई की जाती है। वर्ष 2019 से अब तक 300 से अधिक वांछित अपराधियों को विदेशों से भारत वापस लाया जा चुका है। इनमें 2026 के दौरान अब तक 78 फरार आरोपी शामिल हैं। अब इस प्रत्यर्पण के बाद शराब घोटाले की जांच में आगे क्या खुलासे होते हैं इस पर सबकी नजर रहेगी।