इंस्टाग्राम से प्यार, शादी का वादा और फिर धोखा?
शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का आरोप।
आरोपी की तलाश में मध्यप्रदेश गई थी पुलिस।
शादीशुदा निकला प्रेमी, एफआईआर के बाद न्याय की आस में पीड़िता।
पीड़िता ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते मीडिया से लगाई न्याय की गुहार।
Chhattisgarh Bilaspur Rape Case : इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती शादी के वादे और फिर प्रेम संबंध, लेकिन जब महिला ने शादी के लिए दबाव बनाया तो युवक मुकरने लगा। महिला को बाद में पता चला कि युवक पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। अब महिला आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बावजूद न्याय के लिए भटक रही है। पीड़िता ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मीडिया के सामने अपनी पीड़ा जाहिर की है।
मामला बिलासपुर की एक महिला और मध्यप्रदेश निवासी सौरभ जैन से जुड़ा है। महिला के मुताबिक वर्ष 2023 में दोनों की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और युवक ने शादी का भरोसा दिलाया। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए। पीड़िता का आरोप है कि युवक शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। दोनों कई साल तक साथ समय बिताते रहे और तीज-त्योहार भी पति-पत्नी की तरह मनाते रहे।
महिला का कहना है कि जब उसने युवक पर शादी करने का दबाव बनाया तो वह अपने वादे से पीछे हटने लगा। इसी दौरान उसे पता चला कि युवक पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। इस खुलासे के बाद महिला ने सरकंडा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की और आरोपी की तलाश में मध्यप्रदेश भी गई, लेकिन पुलिस टीम को वहां से खाली हाथ लौटना पड़ा।
पीड़िता के मुताबिक मामले की जांच के दौरान सरकंडा थाना प्रभारी का तबादला हो गया और नए थाना प्रभारी नरेश सिंह चौहान की नियुक्ति हुई। इसके बाद जब वह अपनी शिकायत और कार्रवाई की जानकारी लेने थाने पहुंची तो उसे अपेक्षित सुनवाई नहीं मिली।
महिला का आरोप है कि थाना प्रभारी ने उसकी बात गंभीरता से नहीं सुनी। इसके बाद वह अपने विवेचक के पास पहुंची, लेकिन वहां भी उसे संतोषजनक जवाब नहीं मिला। परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस के उच्च अधिकारियों से शिकायत की। हालांकि उसके मुताबिक वहां से भी उसे कार्रवाई के बजाय केवल आश्वासन ही मिला।
लगातार थाने और अधिकारियों के चक्कर काटने के बाद महिला अब मीडिया के सामने पहुंची है। उसने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। पीड़िता का सवाल है कि एफआईआर दर्ज होने और पुलिस द्वारा आरोपी की तलाश किए जाने के बावजूद अब तक मामले में आगे की कार्रवाई क्यों नहीं हो सकी?
फिलहाल मामले में पीड़िता के आरोपों और पुलिस की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में आगे क्या कदम उठाती है और न्याय की आस में भटक रही महिला को कब राहत मिलती है।
Story By Shrikant