बिलासपुर साइबर ठगी सोर्स - सोशल मीडिया
बिलासपुर

मोबाइल हैंग हुआ और खाते से उड़ गए 98 हजार, बिना OTP बताए बिलासपुर हाईकोर्ट के वकील से साइबर ठगी

Cyber ​​Fraud : मोबाइल फोन का अचानक हैंग होना एक हाईकोर्ट के वकील को महंगा पड़ गया। जब फोन दोबारा सामान्य हुआ तो बैंक खाते से 98 हजार रुपए निकलने का मैसेज मिला।

घनश्याम गंधर्व, चंदू निर्मलकर

HIGHLIGHTS

  • वकील के खाते से 98 हजार रुपये की साइबर ठगी।

  • मोबाइल करीब आधे घंटे तक रहा हैंग।

  • PhonePe के जरिए खाते से हुआ 98 हजार का ट्रांजेक्शन।

  • वकील ने बैंक से संपर्क कर खाता और एटीएम कार्ड कराया ब्लॉक।

  • पुलिस ने रकम ट्रांसफर होने वाले खाते की जांच शुरू की।

Bilaspur Cyber ​​Fraud : मोबाइल फोन का अचानक हैंग होना एक हाईकोर्ट के वकील को महंगा पड़ गया। करीब आधे घंटे तक मोबाइल की स्क्रीन और बटन काम नहीं करते रहे। जब फोन दोबारा सामान्य हुआ तो बैंक खाते से 98 हजार रुपए निकलने का मैसेज मिला।

वकील ने न तो कोई ऑनलाइन भुगतान किया था और न ही किसी ट्रांजेक्शन की अनुमति दी थी। घटना के बाद उन्होंने बैंक और साइबर पुलिस से शिकायत की। फिलहाल चकरभाठा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम बिटकुली का है। यहां रहने वाले सुरेश कुमार कौशिक बिलासपुर हाईकोर्ट में वकालत करते हैं। हाईकोर्ट परिसर स्थित भारतीय स्टेट बैंक में उनका खाता है, जो मोबाइल नंबर से लिंक है।

आधे घंटे तक मोबाइल पर नहीं हुआ कोई कंट्रोल

पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, 2 नवंबर की शाम करीब 5 बजे अचानक उनका मोबाइल फोन हैंग हो गया। मोबाइल की स्क्रीन ने काम करना बंद कर दिया। काफी कोशिश के बावजूद फोन का कोई भी बटन काम नहीं कर रहा था। करीब आधे घंटे बाद मोबाइल सामान्य स्थिति में आया। इसके बाद उन्होंने फोन चेक किया तो बैंक ट्रांजेक्शन का मैसेज देखकर उनके होश उड़ गए।

PhonePe से 98 हजार रुपए का ट्रांजेक्शन

मैसेज और बैंकिंग डिटेल चेक करने पर पता चला कि शाम 5:02 बजे उनके PhonePe अकाउंट के जरिए 98 हजार रुपए का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन हुआ है। वकील का कहना है कि उन्होंने न तो किसी को पैसे भेजे और न ही इस भुगतान को मंजूरी दी थी। ऐसे में मोबाइल हैंग होने और खाते से रकम निकलने की घटना को लेकर उन्होंने साइबर ठगी की आशंका जताई है।

बैंक को फोन कर ब्लॉक कराया खाता और एटीएम

खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलते ही सुरेश कुमार कौशिक ने एसबीआई कस्टमर केयर से संपर्क किया। उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से बैंक खाते और एटीएम कार्ड को अस्थायी रूप से ब्लॉक करा दिया। इसके बाद उसी दिन बिलासपुर साइबर थाने में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। बाद में चकरभाठा थाने में लिखित आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। अब जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मोबाइल हैंग होने के दौरान आखिर किस तरह खाते से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन हुआ और 98 हजार रुपए किस खाते में ट्रांसफर किए गए।

दिल्ली में प्रदूषण को लेकर छात्रों का प्रदर्शन, जंतर-मंतर बंद करने पर उठाए सवाल; बोले- हमारी आवाज दबाई जा रही

भारत की वीजा व्यवस्था में बड़ा बदलाव: 13 से घटकर 9 हुईं मुख्य श्रेणियां, आवेदन फॉर्म भी 70% तक हुए छोटे

MODI कैबिनेट के 5 बड़े फैसले: विश्वस्तरीय संग्रहालय से युवा स्टार्टअप तक, सरकार के बड़े ऐलान

प्रदूषण का असर स्कूलों तक, नोएडा-ग्रेटर नोएडा में 5वीं तक ऑनलाइन-ऑफलाइन पढ़ाई के निर्देश

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबीयत बिगड़ी, AIIMS में कराया गया भर्ती; डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा इलाज