देर रात स्कूटी से घर लौट रहे थे दोनों।
जेपी सीमेंट कंपनी के पास हुआ हादसा।
फॉरेस्ट एवेन्यू पर विपरीत दिशा से जा रही कार ने मारी टक्कर।
एक की मौत, दूसरा लड़ रही जिंदगी और मौत से।
Woman Death In Bhilai Road Accident: दुर्ग-भिलाई में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। गरबा कार्यक्रम में शामिल होकर स्कूटी से घर लौट रहे एक किशोर और युवती को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 20 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल है। उसका अस्पताल में उपचार जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 11 बजे भिलाई टाउनशिप के सेक्टर-5 स्थित फॉरेस्ट एवेन्यू मार्ग पर जेपी प्लांट के पास यह हादसा हुआ। तालपुरी बी ब्लॉक निवासी अक्षिता अवचट (20), पिता गजानन अवचट, अपने पड़ोस में रहने वाले आयुष कुमार पचौरी (17), पिता विनोद पचौरी, के साथ गरबा कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान जेपी प्लांट के पास विपरीत दिशा से आ रही कार क्रमांक CG 07 CH 2321 ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों की मदद से अक्षिता को गंभीर हालत में सेक्टर-9 अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल आयुष को इलाज के लिए हाईटेक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर भिलाई नगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
इस हादसे ने अक्षिता के परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिवार अभी एक सप्ताह पहले हुए दादा के निधन के दुख से उबर भी नहीं पाया था कि घर की बेटी की असमय मौत ने एक और बड़ा दुख दे दिया। जानकारी के मुताबिक, अक्षिता के दादा का निधन 13 अक्टूबर को हुआ था। परिवार में 25 अक्टूबर को उनकी तेरहवीं का कार्यक्रम निर्धारित था। इसी बीच हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अक्षिता के पिता गजानन अवचट रेलवे में लोको पायलट के पद पर कार्यरत हैं। अक्षिता अपने पिता की दो बेटियों में छोटी थी।