

बिलासपुर में रावण दहन को लेकर गरमा गई सियासत।
आज साइंस कॉलेज मैदान में होगा रावण दहन।
नगर निगम के आयोजन पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं।
दशहरा आयोजन कराए जाने को लेकर विवाद।
Controversy for Ravan Dahan in Bilaspur: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में रावण दहन को लेकर एक बार फिर सियासत गरमा गई है। साइंस कॉलेज मैदान में दशहरा आयोजन को लेकर नगर निगम और अरपांचल लोक मंच के बीच विवाद गहराता नजर आ रहा है। अरपांचल लोक मंच ने भी इस मुद्दे पर मोर्चा खोल दिया है। अरपांचल लोक मंच के अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा ने नगर निगम के आयोजन पर सवाल उठाते हुए भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। वहीं, अरपांचल लोक मंच ने सोमवार को साइंस कॉलेज मैदान के बाहर रावण दहन करने का ऐलान किया है।
अरपांचल लोक मंच पिछले पांच वर्षों से साइंस कॉलेज मैदान में रावण दहन का आयोजन करता आ रहा था। पिछले साल बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला की ओर से मैदान में रावण दहन का आयोजन किए जाने के बाद विवाद शुरू हुआ था। उस समय भी अरपांचल लोक मंच ने विरोध जताया था। अब नगर निगम द्वारा दशहरा आयोजन कराए जाने को लेकर विवाद फिर सामने आ गया है।
अरपांचल लोक मंच के अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा ने आरोप लगाया कि अरपांचल लोक मंच ने पहले आयोजन के लिए आवेदन किया था, लेकिन आयोजन की जिम्मेदारी ऐसी समिति को दे दी गई, जिसका उनके मुताबिक कोई स्पष्ट अस्तित्व नहीं था। उन्होंने सवाल उठाया कि जब शहर में कई समितियां अपने स्तर पर रावण दहन कराती हैं, तो साइंस कॉलेज मैदान में ही नगर निगम के आयोजन की जरूरत क्यों पड़ी? मिश्रा ने आरोप लगाया कि शासन-प्रशासन के दबाव में नगर निगम यह आयोजन करा रहा है। उन्होंने इसे त्योहारों के आयोजन पर लोगों के अधिकार छीनने की कोशिश बताते हुए विरोध जारी रखने की बात कही।
सुधांशु मिश्रा ने दशहरा आयोजन के लिए कथित तौर पर तय 24 लाख रुपये के खर्च पर भी सवाल उठाए। उनका दावा है कि रावण के पुतले, आतिशबाजी और टेंट सहित आयोजन का खर्च इससे काफी कम हो सकता है। उन्होंने कहा कि शहर की विभिन्न समितियों से रावण के पुतले और आतिशबाजी की वास्तविक लागत की जानकारी ली जानी चाहिए।
मिश्रा ने आयोजन में भ्रष्टाचार की आशंका जताते हुए टेंडर और खर्च का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की। हालांकि, खर्च को लेकर लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और नगर निगम का पक्ष सामने आना बाकी है।
सुधांशु मिश्रा के मुताबिक, मंगलवार को शाम करीब 4 बजे अरपांचल लोक मंच के सदस्य साइंस कॉलेज मैदान पहुंचेंगे। मंच की ओर से मैदान के बाहर रावण दहन करने की तैयारी है। ऐसे में दशहरा आयोजन को लेकर विवाद और बढ़ने की आशंका है। मिश्रा ने विधायक सुशांत शुक्ला पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें शहर की सांस्कृतिक समितियों से आयोजन की वास्तविक लागत की जानकारी लेनी चाहिए। अरपांचल लोक मंच इस मुद्दे पर पहले भी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विरोध जता चुकी है।
अब देखना होगा कि नगर निगम, जिला प्रशासन और आयोजन से जुड़े पक्ष इस विवाद को सुलझाने के लिए क्या कदम उठाते हैं। फिलहाल रावण दहन का मुद्दा बिलासपुर में धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन से आगे बढ़कर सियासी टकराव का रूप लेता नजर आ रहा है।