मकर संक्रांति के त्योहार पर घर जाने और घूमने की तैयारी कर रहे यात्रियों को राहत
जनवरी में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने लिया फैसला।
बस्तर के यात्रियों को राहत, तीन जोड़ी विशेष ट्रेनों का होगा संचालन।
विजयवाड़ा, राजमुंदरी समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव।
Chhattisgarh Special Train In January: मकर संक्रांति के त्योहार पर घर जाने और घूमने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए रेलवे ने राहत भरी खबर दी है। त्योहार के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए दक्षिण मध्य रेलवे ने चार्लापल्ली से श्रीकाकुलम रोड, काकीनाडा टाउन और पार्वतीपुरम के बीच तीन जोड़ी विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। जनवरी 2027 में निर्धारित तिथियों पर चलने वाली इन ट्रेनों से आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।
रेलवे द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार पहली विशेष ट्रेन 07119 चार्लापल्ली-श्रीकाकुलम रोड साप्ताहिक एक्सप्रेस 10 और 17 जनवरी (रविवार) को चार्लापल्ली से शाम 4:20 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 8 बजे श्रीकाकुलम रोड पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन 07120 श्रीकाकुलम रोड-चार्लापल्ली 11 और 18 जनवरी (सोमवार) को दोपहर 2 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 7 बजे चार्लापल्ली पहुंचेगी।
दूसरी विशेष ट्रेन 07123 चार्लापल्ली-काकीनाडा टाउन 8, 15 और 22 जनवरी (शुक्रवार) को शाम 7:40 बजे चार्लापल्ली से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 7:30 बजे काकीनाडा टाउन पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन 07124 काकीनाडा टाउन-चार्लापल्ली 9, 16 और 23 जनवरी (शनिवार) को रात 9 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 10:30 बजे चार्लापल्ली पहुंचेगी।
तीसरी विशेष ट्रेन 07121 चार्लापल्ली-पार्वतीपुरम 12 और 19 जनवरी (मंगलवार) को शाम 4:20 बजे चार्लापल्ली से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 8 बजे पार्वतीपुरम पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन 07122 पार्वतीपुरम-चार्लापल्ली 13 और 20 जनवरी (बुधवार) को दोपहर 2 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 7 बजे चार्लापल्ली पहुंचेगी।
तीनों ट्रेनों का ठहराव यात्रियों की सुविधा के लिए अलग-अलग मार्गों के प्रमुख स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है। इनमें नलगोंडा, मिर्यालगुडा, गुंटूर, विजयवाड़ा और राजमुंदरी जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं। श्रीकाकुलम रोड और पार्वतीपुरम जाने वाली ट्रेनों का ठहराव एलुरु, ताडेपल्लीगुडेम, निदादवोलु, समालकोट, अन्नावरम, दुव्वाडा, पेंडुर्ती, कोट्टावलसा और विजयनगरम में भी होगा। वहीं काकीनाडा टाउन जाने वाली ट्रेन गुडीवाड़ा, भीमवरम टाउन, तणुकु और निदादवोलु होते हुए संचालित होगी।
रेलवे के अनुसार तीनों विशेष ट्रेनों में कुल 24 कोच होंगे। इनमें प्रथम सह द्वितीय वातानुकूलित श्रेणी के 2, द्वितीय वातानुकूलित श्रेणी का 1, तृतीय वातानुकूलित श्रेणी के 6, स्लीपर के 9, सामान्य द्वितीय श्रेणी के 4 तथा लगेज रैक सहित द्वितीय श्रेणी के 2 कोच शामिल रहेंगे।
रेलवे ने यात्रियों से इन विशेष रेल सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है। त्योहार के दौरान नियमित ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ के बीच इन अतिरिक्त सेवाओं से यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।