President Draupadi Murmu In Bastar : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पहुंचे, जहां से वे देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के साथ बस्तर के लिए रवाना हो गए। जगदलपुर रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन छत्तीसगढ़ के लिए बेहद ऐतिहासिक दिन है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बस्तर की अनूठी संस्कृति और परंपराओं का जिक्र करते हुए कहा कि बस्तर में दुनिया का सबसे लंबा चलने वाला 'बस्तर दशहरा' पर्व मनाया जाता है। यह छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा और पारंपरिक लोक पर्व है। उन्होंने विशेष रूप से गर्व जताते हुए कहा कि यह पहला मौका है जब देश की महामहिम राष्ट्रपति इस भव्य और ऐतिहासिक कार्यक्रम में सीधे तौर पर शामिल होने जा रही हैं।
लालबाग मैदान के मंच पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आगमन हो गया है। राष्ट्रगीत व राष्ट्रगान के बीच उन्होंने इसमें सहभागिता निभाई। कुछ ही देर में वे विशाल आमसभा को संबोधित करेंगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मौजूदगी में लालबाग आमसभा स्थल पर मुरिया दरबार संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में राज्यपाल रामेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अपने बस्तर दौरे के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जगदलपुर के सिरहासार भवन में आयोजित 'मुरिया दरबार' में शामिल हुईं। यहाँ उन्होंने पारंपरिक मांझी-चालकियों और जनजातीय प्रतिनिधियों से मुलाकात की और उनकी बातों को संवेदनशीलता के साथ सुना।