छत्तीसगढ़ जगदलपुर क्राइम सोर्स - नवभारत लाइव
बस्तर

जगदलपुर में चोरों का अनोखा तरीका, बच्ची के झोले में रखे करोड़ों के जेवर, पुलिस ने जंगल में घेरा

Chhattisgarh Crime : मोती ज्वेलर्स की उठाईगिरी का पर्दाफाश, मुख्य आरोपी महिला फूलो कश्यप समेत 5 गिरफ्तार, एक नाबालिग भी शामिल, तीन आरोपी अब भी फरार, दो दिन तक की थी दुकान की रेकी।

अजय श्रीवास्तव, चंदू निर्मलकर

HIGHLIGHTS

  • दो दिन तक की थी ज्वेलर्स दुकान की रेकी।

  • पुलिस ने 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

  • महिला गिरोह के बच्चों के साथ ग्राहक बनकर पहुंची।

  • सोने से भरा डिब्बा बच्ची के झोली में रखा।

  • मामले में महिला समेत 5 गिरफ्तार।

Chhattisgarh Jagdalpur Crime : दीपावली की रौनक के बीच पैलेस रोड स्थित मोती ज्वेलर्स में करीब 1 करोड़ 75 लाख रुपये के सोने के जेवरात की उठाईगिरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुई महिलाओं ने जिस शातिराना अंदाज में करीब 1200 ग्राम सोने के आभूषणों से भरा डिब्बा पार किया था, उसने पूरे सराफा बाजार को सकते में डाल दिया था। अब इस सनसनीखेज वारदात की परतें खुली हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला फूलो कश्यप पति मासो कश्यप सहित कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है, जबकि गिरोह के तीन सदस्य अब भी फरार हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1015 ग्राम सोने के जेवरात बरामद किए हैं।

इस वारदात को अंजाम देने के लिए गिरोह ने बाकायदा दो दिन तक मोती ज्वेलर्स की रेकी की थी। दुकान में ग्राहकों की भीड़, कर्मचारियों की गतिविधियों और जेवरात रखने की जगह पर नजर रखने के बाद दीपावली की भीड़ को अपने मंसूबों के लिए इस्तेमाल किया। पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए करीब 150 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। आखिरकार सुरागों का पीछा करते हुए पुलिस जंगल तक पहुंची, जहां आरोपी छिपे बैठे थे।

दो दिन की रेकी, फिर बच्ची के झोले में पहुंचा करोड़ों का सोना

वारदात 7 नवंबर की शाम करीब 4ः30 बजे की है। दीपावली के चलते मोती ज्वेलर्स में ग्राहकों की आवाजाही बनी हुई थी। इसी भीड़ का फायदा उठाने के लिए महिला गिरोह बच्चों के साथ ग्राहक बनकर दुकान पहुंचा। आभूषण देखने के बहाने दुकानदार और कर्मचारियों को बातचीत में उलझाया गया।

इसी दौरान एक महिला ने काउंटर पर रखा सोने के झुमकों से भरा डिब्बा उठाया और अपने साथ आई बच्ची को थमा दिया। बच्ची ने डिब्बे को अपने झोले में रख लिया। इसके बाद पूरा समूह सामान्य ग्राहकों की तरह दुकान से बाहर निकल गया। दुकान में रखे करीब 1200 ग्राम सोने के जेवरात गायब होने का पता चलते ही हड़कंप मच गया।

150 CCTV फुटेज खंगाले और जंगल तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने जांच के लिए CCTV फुटेज को खंगालना शुरू किया। केवल ज्वेलर्स दुकान के कैमरों पर निर्भर रहने के बजाय आरोपियों के आने-जाने वाले रास्तों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली गई। करीब 150 CCTV फुटेज की जांच के बाद संदिग्धों की गतिविधियों और वारदात में इस्तेमाल वाहनों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले।

स्कॉर्पियो वाहन के जरिए पुलिस की जांच संदिग्धों तक पहुंची। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने रायकोट, पथरेली और उड़वा गांव तक जांच का दायरा बढ़ाया। इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी गई। पुलिस को कुछ आरोपी जंगल में छिपे मिले, जहां से उन्हें पकड़ने में सफलता मिली।

छत्तीसगढ़ जगदलपुर क्राइम

मुख्य आरोपी फूलो कश्यप समेत 5 गिरफ्तार, दो की तलाश

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी महिला फूलों कश्यप, मासों कश्यप, पसली माड़वी, शंकर माड़वी और परमेश कश्यप को गिरफ्तार किया है। एक विधि से संघर्षरत बालिका के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया है। वहीं मासों कश्यप, बूदरू कश्यप और चिंटू मंडावी अभी फरार बताए गए हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1015 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए हैं। चोरी गए आभूषणों की कुल मात्रा करीब 1200 ग्राम बताई गई है। ऐसे में शेष आभूषणों की बरामदगी और फरार आरोपियों की भूमिका को लेकर जांच जारी है।

महाराष्ट्र कनेक्शन और दूसरे शहरों में वारदातों की भी जांच

इस गिरोह के महाराष्ट्र से जुड़े होने की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह के सदस्यों ने इससे पहले दूसरे शहरों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं। दो दिन की रेकी, महिलाओं और बच्चों का इस्तेमाल तथा त्योहार की भीड़ में करोड़ों के जेवरात पार करने की रणनीति से गिरोह की संगठित गतिविधियों की आशंका गहरा गई है।

फिलहाल 5 आरोपियों की गिरफ्तारी और 1015 ग्राम सोने की बरामदगी से मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली है, लेकिन तीन फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और शेष जेवरात की बरामदगी के बाद ही इस पूरे गिरोह के नेटवर्क का खुलासा हो सकेगा।

प्रदूषण का असर स्कूलों तक, नोएडा-ग्रेटर नोएडा में 5वीं तक ऑनलाइन-ऑफलाइन पढ़ाई के निर्देश

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबीयत बिगड़ी, AIIMS में कराया गया भर्ती; डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा इलाज

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF जवानों पर आतंकी हमला, गोलीबारी में तीन जवान घायल

भारतीय सेना में डॉक्टर बनने का मौका, आवेदन शुरू; जानें कौन और कैसे करें अप्लाई

प्लेन हाईजैक होने के बाद यात्रियों को सबसे पहले क्या करना चाहिए, ये ऑपशन्स हैं बेस्ट