HIGHLIGHTS
अफीम तस्करी नेटवर्क का हुआ खुलासा।
दो करोड़ लूट की झूठी कहानी गढ़ी।
यात्री बसों के जरिए करता था सप्लाई।
भिलाई में 205 ग्राम अफीम के साथ खुला नेटवर्क।
कर्ज के दबाव से बचने लूट की कहानी तैयार की।
Chhattisgarh Geedam Afeem Trafficking : यात्री बसों को अफीम तस्करी का जरिया बनाने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश होने के करीब दस महीने बाद गीदम का एक नाम फिर सुर्खियों में है। जनवरी 2026 में दुर्ग-भिलाई पुलिस की कार्रवाई में अफीम तस्करी के मुख्य सप्लायर के रूप में गिरफ्तार हुआ स्वरूप सोनी अब करीब दो करोड़ रुपये की फर्जी लूट की कहानी गढ़ने के मामले में चर्चा में है।
पहले यात्री बसों के जरिए अफीम की सप्लाई का नेटवर्क और अब करोड़ों रुपये की लूट की झूठी रिपोर्ट ने इस पूरे घटनाक्रम को और चौंकाने वाला बना दिया है।
इस कहानी की शुरुआत 15 जनवरी 2026 को भिलाई के सेक्टर-6 से हुई थी। दुर्ग पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और भिलाई नगर पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रताप चौक के पास एक व्यक्ति अफीम बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है।
पुलिस ने घेराबंदी कर बलवीर सिंह को पकड़ा। उसकी मोटरसाइकिल की डिग्गी से 205 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने मोटरसाइकिल, मोबाइल और नकदी सहित करीब 80,500 रुपये का सामान जब्त किया।
पूछताछ में यात्री बसों के जरिए अफीम की सप्लाई किए जाने का खुलासा हुआ। पुलिस के मुताबिक, बलवीर सिंह ने अफीम की खरीदी-बिक्री में रामबाबू की भूमिका बताई और मुख्य सप्लायर के रूप में गीदम निवासी स्वरूप सोनी का नाम सामने आया।
बलवीर सिंह से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस की टीम ने 16 जनवरी को गीदम सहित अन्य स्थानों पर कार्रवाई की। इस दौरान स्वरूप सोनी और रामबाबू को गिरफ्तार किया गया। 17 जनवरी 2026 को दुर्ग पुलिस ने पूरे नेटवर्क का खुलासा किया। तीनों आरोपियों के खिलाफ भिलाई नगर थाने में अपराध क्रमांक 22/2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 22(ख) में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।
पुराना मामला अभी चर्चा में है कि 9 नवंबर 2026 को स्वरूप सोनी ने नेलसनार थाने में करीब दो करोड़ रुपये की लूट की शिकायत दर्ज कराकर पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। शिकायत के मुताबिक, भैरमगढ़ से गीदम लौटते समय पांडे मुर्गा के पास हथियारबंद बदमाशों ने रास्ता रोककर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूट ली थी।
इतनी बड़ी वारदात की सूचना पर पुलिस ने तीन विशेष टीमें गठित कीं। 100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई और करीब 16 घंटे तक नाकेबंदी की गई। जांच के दौरान कथित रूप से लूटे गए तीनों मोबाइल फोन सुरक्षित और चालू हालत में एक ही स्थान पर मिले। इसके बाद पुलिस की जांच का रुख शिकायतकर्ता की ओर मुड़ा।
पुलिस जांच में सामने आया कि कर्ज के दबाव से बचने के लिए लूट की मनगढ़ंत कहानी तैयार की गई थी। इस तरह करीब दो करोड़ रुपये की कथित लूट का मामला फर्जी निकला।
जनवरी में यात्री बसों के जरिए अफीम सप्लाई करने वाले नेटवर्क के मुख्य सप्लायर के रूप में गिरफ्तारी और नवंबर में दो करोड़ रुपये की फर्जी लूट की शिकायत के खुलासे ने स्वरूप सोनी को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है। दोनों घटनाओं की प्रकृति अलग-अलग है, लेकिन दोनों में एक ही नाम सामने आने से यह मामला सामान्य आपराधिक खबर से आगे बढ़कर चर्चा का विषय बन गया है।