बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर बायपास सड़क मरम्मत को लेकर बरती जा रही लापरवाही।
डामर का इस्तेमाल करने के बजाय गिट्टी, बालू और सीमेंट का मिश्रण डाला जा रहा है।
मरम्मत के दौरान भी कथित लापरवाही सामने आने से लोगों की नाराजगी बढ़ गई है।
Chhattisgarh Road Repair Work: बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर बायपास की कहानी अब सिर्फ सड़क टूटने तक सीमित नहीं रह गई है। करोड़ों रुपये की लागत से बनी इस सड़क की बदहाली के बाद अब इसकी मरम्मत का तरीका भी चर्चा का विषय बन गया है। हैरानी की बात यह है कि जिस सड़क को दुरुस्त करने के लिए मरम्मत का काम किया जा रहा है वहां तकनीकी मानकों के पालन को लेकर ही सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क पर उभरे गड्ढों को भरने के लिए डामर का इस्तेमाल करने के बजाय गिट्टी, बालू और सीमेंट का मिश्रण डाला जा रहा है। यानी सड़क की मरम्मत भी ऐसे तरीके से की जा रही है जिसकी टिकाऊपन पर पहले से ही सवाल हैं। लोगों का कहना है कि यह तरीका कुछ समय के लिए गड्ढों को छिपा सकता है लेकिन सड़क की वास्तविक समस्या का समाधान नहीं कर सकता।
दरअसल वाड्रफनगर बायपास सड़क निर्माण के कुछ ही महीनों बाद उखड़ने लगी थी। करीब छह महीने में सड़क की हालत बिगड़ने के बाद निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठे थे। अब मरम्मत के दौरान भी कथित लापरवाही सामने आने से लोगों की नाराजगी बढ़ गई है।
इस पूरे मामले में संबंधित अधिकारियों की निगरानी भी सवालों के घेरे में है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मरम्मत कार्य के दौरान विभागीय अधिकारी मौके पर नजर नहीं आते और ठेकेदार अपनी मर्जी से काम कर रहा है। अब जनता की मांग है कि सड़क निर्माण और मरम्मत दोनों कार्यों की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराई जाए। साथ ही दोषियों की जिम्मेदारी तय हो और सरकारी धन की बर्बादी पर रोक लगे।