काबरा हाथी अंबिकापुर सोर्स - नवभारत लाइव
छत्तीसगढ़

उदयपुर जंगल में ट्रैंकुलाइज के बाद जंगल में छोड़ा गया कबरा हाथी, निगरानी के लिए आया राजू हाथी

Kabra Elephant Ambikapur : अम्बिकापुर के उदयपुर जंगल में 17 लोगों की जान लेने वाले कबरा हाथी को कॉलर आईडी लगाई गई, अब राजू हाथी निगरानी करेगा।

ऐश्वर्या द्विवेदी

HIGHLIGHTS

  • 17 लोगों की जान लेने वाला हाथी अब काबू में।

  • कबरा हाथी पर नजर रखने पहुंचा बलशाली कुमकी हाथी राजू।

  • छह दिन की कड़ी मशक्कत के बाद लगी कॉलर आईडी।

  • उदयपुर के जंगलों में 50 वनकर्मियों ने संभाला सुरक्षा मोर्चा।

  • अपने झुंड से भटके कबरा को मिलाने की चुनौती शुरू।

Udaipur Forest Range Kabra Elephant Ambikapur : छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर स्थित उदयपुर वन परिक्षेत्र में वन विभाग का बड़ा ऑपरेशन जारी है। दहशत का पर्याय बन चुके कबरा कान हाथी को काबू में कर लिया गया है। विशेषज्ञों की टीम ने उसे ट्रैंकुलाइज करके सफलतापूर्वक कॉलर आईडी लगा दी है। इसके बावजूद जंगल से सटे इलाकों में खतरा अभी पूरी तरह टला नहीं है।

जंगल में 50 वनकर्मी तैनात

वन विभाग ने कबरा हाथी की लगातार निगरानी के लिए कड़े इंतजाम किए हैं। ग्राउंड जीरो पर विशेषज्ञ डॉक्टर, ट्रैकर्स और करीब 50 वनकर्मी डटे हुए हैं। पहले से मौजूद कुमकी हाथी तीरथ और दुर्योधन भी इस अभियान में लगे हैं। अब इनके साथ अचानकमार टाइगर रिजर्व से प्रशिक्षित और बलशाली हाथी राजू को बुलाया गया है। यह टीम अगले दो दिनों तक हाथी के हर मूवमेंट पर नजर रखेगी।

छह दिन चला सर्च ऑपरेशन

कबरा हाथी को ट्रैक करना वन विभाग के लिए आसान काम नहीं था। पांच दिनों तक लगातार कोशिशों के बावजूद टीम को सफलता नहीं मिल पा रही थी। इसके बाद ड्रोन कैमरे और कुमकी हाथियों की मदद से सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस अभियान में डेढ़ सौ से अधिक अधिकारी और कर्मचारी जंगलों में जुटे रहे। आखिरकार छठवें दिन विशेषज्ञों की टीम ने हाथी को ट्रैंकुलाइज करने में सफलता हासिल की।

दल से मिलाने की चुनौती

हाथी के व्यवहार में आए सकारात्मक बदलाव को देखकर विभाग ने बड़ा फैसला लिया। उसे रेस्क्यू सेंटर ले जाने के बजाय वापस जंगल में छोड़ दिया गया। ट्रैंकुलाइजेशन की प्रक्रिया के दौरान 17 हाथियों का दल कबरा से दूर चला गया था। यह दल करीब दो किलोमीटर आगे निकल गया है। अब वन विभाग की सबसे बड़ी चुनौती कबरा को सुरक्षित उसके दल से मिलाना है।

अगले 48 घंटे बेहद अहम

वन विभाग के अधिकारियों का मानना है कि अगले 48 घंटे बहुत महत्वपूर्ण हैं। टीम लगातार कबरा हाथी के स्वास्थ्य और उसके व्यवहार का आकलन कर रही है। कॉलर आईडी के जरिए उसकी लोकेशन ट्रैक की जा रही है। कुमकी हाथी राजू, तीरथ और दुर्योधन किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। विभाग को उम्मीद है कि कबरा जल्द ही सामान्य होकर अपने दल में शामिल हो जाएगा।

Story by - Sanjay Rajak

रानी लक्ष्मीबाई: मातृशक्ति के साहस की वह गाथा, जिसने अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी

रिकोव वेंचर्स ने जुटाए 56.25 करोड़ रुपये, महाराष्ट्र-कर्नाटक में रिसाइक्लिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार

दिल्ली में फॉर्च्यूनर और ऑटो-रिक्शा की भीषण टक्कर, 2 लोगों की मौत 6 घायल

Patiala Bridge Collapse: पंजाब के पटियाला-संगरूर बाईपास पर भाखड़ा नहर का पुल ढहा, दो ट्रक नदी में गिरे

कल तट से टकराएगा Cyclone Akvan, ओडिशा के 13 जिलों में हाई अलर्ट, 400 से ज्यादा सेंटर तैयार, स्कूल बंद