UPSC Mains Registration : संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा मुख्य परीक्षा (CSE Mains) 2026 के लिए डिटेल्ड एप्लीकेशन फॉर्म (DAF) भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिन उम्मीदवारों ने सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 सफलतापूर्वक पास की है, उन्हें अब मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए DAF जमा करना अनिवार्य होगा। आयोग के अनुसार, आवेदन प्रक्रिया 19 जून से शुरू हो चुकी है और अभ्यर्थी 28 जून 2026 तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस वर्ष 13 हजार से अधिक उम्मीदवारों ने प्रीलिम्स परीक्षा क्वालिफाई की है। सभी सफल उम्मीदवारों को UPSC के आधिकारिक पोर्टल पर लॉगिन कर अपनी व्यक्तिगत, शैक्षणिक और अन्य जरूरी जानकारियों का सत्यापन करना होगा। इसके साथ ही कैडर वरीयता, आरक्षण संबंधी जानकारी, स्क्राइब (लेखन सहायक) और सहायक उपकरणों की आवश्यकता जैसी जानकारियां भी इसी प्रक्रिया के दौरान भरनी होंगी।
UPSC ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर DAF जमा नहीं करने वाले उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 200 रुपये आवेदन शुल्क जमा करना होगा, जबकि महिला, अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और दिव्यांग (PwBD) वर्ग के उम्मीदवारों को शुल्क में छूट दी गई है।
आवेदन पूरा करने के बाद ही उम्मीदवारों को ई-एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा। ऐसे में आयोग ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें ताकि किसी तकनीकी समस्या का सामना न करना पड़े।
ये खबर भी पढ़ें : NEET UG 2026: नागपुर के छात्र को क्यों मिला था अबू धाबी सेंटर? NTA ने किया चौंकाने वाला खुलासा
UPSC सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2026 का आयोजन 21 अगस्त 2026 से किया जाएगा। परीक्षा में कुल 9 प्रश्न पत्र होंगे, जिनमें भारतीय भाषा और अंग्रेजी के दो पेपर केवल क्वालिफाइंग प्रकृति के होंगे। अंतिम मेरिट सूची सात पेपरों के कुल 1750 अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी। इन सात पेपरों में निबंध (Essay), सामान्य अध्ययन के चार पेपर (GS-I, GS-II, GS-III और GS-IV) तथा वैकल्पिक विषय (Optional Subject) के दो पेपर शामिल होंगे।
मुख्य परीक्षा में सफल होने वाले उम्मीदवारों को 275 अंकों के व्यक्तित्व परीक्षण (इंटरव्यू) के लिए बुलाया जाएगा। अभ्यर्थी DAF भरने के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर लॉगिन करें, सभी विवरण सावधानीपूर्वक भरें, शुल्क जमा करें और फॉर्म सबमिट करने के बाद उसका प्रिंट सुरक्षित रख लें।