UP Education Department Vacancy : उत्तर प्रदेश में सरकारी शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश शिक्षा निदेशालय ने 23,213 रिक्त पदों का रिक्विजिशन उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज को भेज दिया है। इसके बाद अब इन पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होने का रास्ता लगभग साफ माना जा रहा है।
शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) कार्यालय की ओर से आयोग को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि प्रदेश के हजारों एडेड स्कूलों में लंबे समय से शिक्षक और संस्था प्रधान के पद खाली पड़े हैं, जिन्हें सीधी भर्ती के जरिए भरा जाएगा।
जानकारी के मुताबिक प्रदेश में कुल 4512 अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय हैं। इनमें से 4479 विद्यालयों का पूरा डाटा जुटाकर आयोग को भेजा गया है। इस भर्ती अभियान के तहत प्रधानाचार्य के 1502 पद, प्रधानाध्यापक के 1003 पद, प्रवक्ता के 2705 पद, सहायक अध्यापक के 16,114 पद और संबद्ध प्राइमरी स्कूलों में सहायक अध्यापक के 1889 पद भरे जाएंगे।
लंबे समय से पद खाली होने के कारण कई स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। कई जगह एक ही शिक्षक को अलग-अलग विषय पढ़ाने पड़ रहे थे, जबकि प्रधानाचार्य और प्रधानाध्यापक के पद खाली होने से प्रशासनिक कार्यों पर भी असर पड़ रहा था।
ये खबर भी पढ़ें : MCL Recruitment 2026: 10वीं, ITI और डिप्लोमा पास युवाओं के लिए 500 पदों पर भर्ती, जानें आवेदन प्रक्रिया
शिक्षा विभाग का मानना है कि भर्ती पूरी होने के बाद स्कूलों में पढ़ाई की गुणवत्ता बेहतर होगी और छात्रों को विषय अनुसार शिक्षक मिल सकेंगे। इस बार भर्ती प्रक्रिया को ज्यादा पारदर्शी और तेज बनाने के लिए तकनीक का सहारा लिया जा रहा है।
एनआईसी लखनऊ द्वारा तैयार ई-रिक्विजिशन पोर्टल पर सभी रिक्त पदों का डाटा ऑनलाइन अपलोड किया जा रहा है, जिससे डिजिटल रिकॉर्ड भी तैयार हो सके। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे भर्ती से जुड़ी नई अपडेट के लिए आयोग और शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।