PCS Free Coaching : अगर आप IAS, PCS या IPS अधिकारी बनने का सपना देखते हैं और महंगी कोचिंग फीस आपकी राह में बाधा बन रही है, तो उत्तर प्रदेश सरकार की निःशुल्क IAS/PCS कोचिंग योजना आपके लिए सुनहरा अवसर लेकर आई है। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं को सिविल सेवा परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर देना है।
योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है और इच्छुक अभ्यर्थी 18 जून 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। सरकार का मानना है कि आर्थिक संसाधनों की कमी किसी भी छात्र के सपनों के बीच नहीं आनी चाहिए, इसलिए यह पहल युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है।
समाज कल्याण विभाग के अनुसार प्रदेश में कुल 865 सीटों पर निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। इनमें 25 प्रतिशत सीटें उन अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित हैं, जिन्होंने पहले से सिविल सेवा परीक्षा की प्रारंभिक परीक्षा (Prelims) उत्तीर्ण की है और मुख्य परीक्षा की तैयारी करना चाहते हैं।
विभाग के निदेशक संजीव सिंह ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया में युवाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिल रही है। अब तक हजारों अभ्यर्थी पंजीकरण करा चुके हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 18 जून निर्धारित की गई है, जबकि चयन के लिए प्रवेश परीक्षा 5 जुलाई को आयोजित की जाएगी।
ये खबर भी पढ़ें : UP Police Constable Exam 2026: अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत, चलेंगी स्पेशल ट्रेनें और 125 अतिरिक्त बसें
योजना के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश का निवासी होना चाहिए और संबंधित दस्तावेज जमा करने होंगे। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। उम्मीदवार आधिकारिक पोर्टल socialwelfareup.upsdc.gov.in पर जाकर आवेदन फॉर्म भर सकते हैं, अपनी पसंद के कोचिंग केंद्र चुन सकते हैं और आवश्यक प्रमाण पत्र अपलोड कर सकते हैं।
आवेदन के लिए निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो और अन्य जरूरी दस्तावेजों की आवश्यकता होगी। चयनित अभ्यर्थियों को अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिलेगा, जिससे उनका प्रशासनिक सेवाओं में चयन का सपना साकार हो सकेगा।