Anganwadi Jobs : उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में आंगनवाड़ी कार्यकत्री के 122 पदों पर भर्ती का मौका है। जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय की ओर से जिले की 9 बाल विकास परियोजनाओं के तहत इन पदों के लिए महिला उम्मीदवारों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। इच्छुक और पात्र महिलाएं 22 सितंबर 2026 की रात 12 बजे तक आवेदन कर सकती हैं।
आवेदन की प्रक्रिया आधिकारिक वेबसाइट upanganwadibharti.in के जरिए पूरी करनी होगी। इस भर्ती में बबेरू में 15, बदोखर खुर्द में 22, बांदा शहर में 3, बिसांडा में 10, जसपुरा में 1, कामासिन में 14, महुआ में 19, नारायणी में 22 और टिंडवारी में 16 पद शामिल हैं।
आंगनवाड़ी कार्यकत्री के पद के लिए केवल महिला उम्मीदवार आवेदन कर सकती हैं। उम्मीदवार की उम्र 1 जुलाई 2026 को 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आयु की गणना के लिए हाईस्कूल यानी 10वीं के प्रमाण पत्र में दर्ज जन्मतिथि को मान्य माना जाएगा। उम्मीदवार उसी ग्राम सभा की निवासी होनी चाहिए, जहां आंगनवाड़ी केंद्र का पद खाली है।
शहरी क्षेत्र में संबंधित वार्ड की निवासी होना जरूरी है। चयन के लिए इंटरमीडिएट से स्नातकोत्तर तक की शैक्षणिक योग्यता में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी। आवेदन के दौरान निवास, आय और जाति प्रमाण पत्र के साथ शैक्षणिक दस्तावेज भी जरूरी होंगे। विधवा और तलाकशुदा उम्मीदवारों को संबंधित अतिरिक्त दस्तावेज भी देने होंगे।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले upanganwadibharti.in पर जाना होगा। इसके बाद आंगनवाड़ी भर्ती 2026 के आवेदन लिंक पर क्लिक करके मोबाइल नंबर और जरूरी जानकारी के साथ पंजीकरण करना होगा। लॉगिन करने के बाद आवेदन फॉर्म में व्यक्तिगत, शैक्षणिक और अन्य आवश्यक जानकारी भरनी होगी।
इसके बाद फोटो, हस्ताक्षर और मांगे गए दस्तावेज अपलोड करने होंगे। फॉर्म जमा करने से पहले सभी जानकारी अच्छी तरह जांच लेना जरूरी है। आवेदन सफलतापूर्वक सबमिट करने के बाद उसका प्रिंटआउट या कॉपी सुरक्षित रखनी चाहिए। उम्मीदवारों को अंतिम तारीख का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन पूरा करने की सलाह दी गई है।