Anganwadi Jobs 2026 : उत्तर प्रदेश के महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत झांसी जिले में आंगनबाड़ी कार्यकत्री के 223 पदों पर भर्ती निकली है। यह भर्ती जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित बाल विकास परियोजनाओं के लिए की जा रही है। योग्य महिला उम्मीदवार आधिकारिक भर्ती पोर्टल upanganwadibharti.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।
आवेदन की अंतिम तारीख 7 सितंबर 2026 रात 12 बजे निर्धारित की गई है। परियोजनावार देखें तो बबीना में 13, बड़ागांव में 35, बामौर में 36, बंगरा में 36, चिरगांव में 17, गुरसराय में 25, मऊरानीपुर में 12, कीट में 28 और झांसी शहर में 30 पद हैं।
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार का 12वीं पास होना जरूरी है। 12वीं के समकक्ष मान्य योग्यता रखने वाली महिलाएं भी आवेदन कर सकती हैं। अधिकतम शैक्षणिक योग्यता पोस्ट ग्रेजुएशन रखी गई है। उम्मीदवार की उम्र 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आयु की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी।
इस भर्ती की सबसे अहम शर्त यह है कि केवल संबंधित वार्ड या ग्राम सभा की स्थायी निवासी महिला उम्मीदवार ही आवेदन कर सकती हैं। अगर संबंधित ग्राम सभा या क्षेत्र में कोई योग्य उम्मीदवार नहीं मिलता है, तो संबंधित न्याय पंचायत की स्थायी निवासी महिला को मौका दिया जा सकता है। शहरी क्षेत्र में निवास प्रमाण पत्र पर वार्ड का नाम या नंबर दर्ज होना जरूरी है।
आंगनबाड़ी कार्यकत्री के पदों पर उम्मीदवारों का चयन मेरिट लिस्ट के आधार पर किया जाएगा। मेरिट तैयार करते समय शैक्षणिक योग्यता को आधार बनाया जाएगा। पात्र बीपीएल वर्ग की महिलाओं को प्राथमिकता दिए जाने का प्रावधान है। खास बात यह है कि चयन के लिए लिखित परीक्षा या इंटरव्यू नहीं होगा।
उम्मीदवारों को आवेदन के दौरान निवास, जाति, आय और शैक्षणिक योग्यता से जुड़े जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। आवेदन करने के लिए भर्ती पोर्टल पर जाकर फॉर्म भरें, जानकारी और दस्तावेज जांचें और 7 सितंबर 2026 रात 12 बजे से पहले आवेदन जमा कर दें। अंतिम समय की तकनीकी परेशानी से बचने के लिए उम्मीदवारों को समय रहते फॉर्म भरने की सलाह दी जाती है।