University Of Western Australia (UWA) India Campus Admission: ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित रिसर्च-इंटेंसिव यूनिवर्सिटी द यूनिवर्सिटी ऑफ वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया (UWA) ने भारत में अपने कैंपस के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। मुंबई और चेन्नई स्थित कैंपस में दाखिले के लिए भारतीय छात्र आवेदन कर सकते हैं। इस पहल के तहत छात्रों को भारत में रहते हुए ऑस्ट्रेलियन डिग्री हासिल करने का अवसर मिलेगा। यूडब्ल्यूए ऑस्ट्रेलिया के प्रतिष्ठित ग्रुप ऑफ एट (Go8) का सदस्य है और वैश्विक स्तर पर अपनी रिसर्च और अकादमिक गुणवत्ता के लिए जानी जाती है।
QS वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2026 में UWA को दुनिया में 77वां स्थान मिला है। यूनिवर्सिटी के कई विषय वैश्विक स्तर पर शीर्ष संस्थानों में शामिल हैं। भारत में कैंपस शुरू करने के साथ यूडब्ल्यूए का उद्देश्य अपने पर्थ कैंपस के अनुरूप पाठ्यक्रम और अकादमिक मानकों को भारतीय छात्रों तक पहुंचाना है।
आगामी इंटेक के लिए आवेदन करने वाले छात्र ट्यूशन फीस में 50 प्रतिशत तक की मेरिट-आधारित स्कॉलरशिप के लिए आवेदन कर सकते हैं। यह स्कॉलरशिप छात्रों के अकादमिक प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए उपलब्ध कराई जाएगी। यूनिवर्सिटी के अनुसार, स्कॉलरशिप का उद्देश्य प्रतिभाशाली छात्रों को उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना है। इसके लिए छात्रों को निर्धारित समयसीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
UWA इंडिया कैंपस में छात्रों के लिए कई प्रमुख क्षेत्रों में अंडरग्रेजुएट और पोस्टग्रेजुएट प्रोग्राम उपलब्ध होंगे। इनमें बिजनेस, कंप्यूटर साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, साइबर सिक्योरिटी, इकोनॉमिक्स, एंटरप्राइज एंड इनोवेशन, MBA और इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी जैसे विषय शामिल हैं। इन पाठ्यक्रमों को वर्तमान उद्योग की जरूरतों और भविष्य के रोजगार बाजार को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। छात्रों को तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ समस्या समाधान, नेतृत्व और व्यावहारिक कौशल विकसित करने के अवसर मिलेंगे।
UWA के वाइस-चांसलर प्रोफेसर अमित चकमा ने कहा कि आज के छात्र ऐसी शिक्षा चाहते हैं, जो उन्हें वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार कर सके। उनके अनुसार, UWA इंडिया में छात्रों को पर्थ कैंपस के समान पाठ्यक्रम, अकादमिक मानक और अंतरराष्ट्रीय स्तर की फैकल्टी के साथ सीखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी का फोकस छात्रों को केवल डिग्री प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें वैश्विक कार्यक्षेत्र के लिए जरूरी कौशल और अनुभव उपलब्ध कराना भी है।
यह भी पढ़ें JPSC Exam Postponed: JPSC की 9 परीक्षाएं रद्द, चेयरमैन का इस्तीफा और CID की बड़ी रेड में 5 गिरफ्तार!
कैंपस में छात्रों को रिसर्च आधारित शिक्षा, आधुनिक लर्निंग स्पेस, स्टूडेंट क्लब, नेतृत्व के अवसर और इंडस्ट्री से जुड़ने के मौके मिलेंगे। इंटर्नशिप, लाइव इंडस्ट्री प्रोजेक्ट्स, करियर मेंटरिंग और नेटवर्किंग गतिविधियों के जरिए छात्रों को व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा। UWA का इंडस्ट्री नेटवर्क भी छात्रों के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यूनिवर्सिटी के अनुसार, डेलॉइट, ईवाई, KPMG, PWC, IBM, माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन वेब सर्विसेज (AWS), रियो टिंटो और वुडसाइड एनर्जी जैसे संगठनों के साथ सहयोग छात्रों को इंडस्ट्री अनुभव और करियर अवसरों से जोड़ने में मदद करेगा।
आगामी इंटेक के लिए स्कॉलरशिप आवेदन 30 जुलाई 2026 तक खुले हैं। प्रोग्राम, एडमिशन प्रक्रिया और स्कॉलरशिप से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए छात्र यूडब्ल्यूए इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट india.uwa.edu.au पर जा सकते हैं।