RCFL Vacancy 2026 : भारत सरकार की नवरत्न कंपनी राष्ट्रीय रसायन एवं उर्वरक लिमिटेड (RCFL) ने प्रशिक्षु अधिनियम, 1961 के तहत 326 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती निकाली है। इस भर्ती में ग्रेजुएट अप्रेंटिस के 145, तकनीशियन अप्रेंटिस के 105 और ट्रेड अप्रेंटिस के 76 पद शामिल हैं। योग्य उम्मीदवार 4 सितंबर 2026 सुबह 8 बजे से 20 सितंबर 2026 शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग मुंबई के ट्रॉम्बे और रायगढ़ जिले के थाल स्थित RCFL की इकाइयों में दी जाएगी। ग्रेजुएट अप्रेंटिस के लिए B.Com, BBA, अर्थशास्त्र समेत संबंधित ट्रेड के अनुसार स्नातक डिग्री मांगी गई है। तकनीशियन अप्रेंटिस के लिए केमिकल, सिविल, कंप्यूटर, इलेक्ट्रिकल, इंस्ट्रूमेंटेशन या मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा होना चाहिए। ट्रेड अप्रेंटिस पदों के लिए B.Sc (PCM), विज्ञान विषयों के साथ 12वीं या संबंधित ट्रेड के अनुसार निर्धारित योग्यता जरूरी है।
इस भर्ती के लिए एक अहम शर्त यह है कि उम्मीदवार ने अपनी अंतिम योग्यता परीक्षा 1 जुलाई 2023 या उसके बाद पास की हो। जिन अभ्यर्थियों ने पहले ही अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग पूरी कर ली है या जिनके पास एक साल या उससे अधिक का काम का अनुभव है, वे आवेदन नहीं कर सकते। इसके अलावा उच्च शिक्षा की पढ़ाई कर रहे उम्मीदवार भी इस भर्ती के लिए पात्र नहीं होंगे।
शैक्षणिक अंकों की बात करें तो सामान्य, OBC और EWS वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक जरूरी हैं। वहीं SC, ST और PwBD वर्ग के उम्मीदवार 45 प्रतिशत अंक होने पर आवेदन कर सकते हैं। आयु सीमा 1 सितंबर 2026 के आधार पर तय होगी। सामान्य और EWS उम्मीदवारों की अधिकतम उम्र 25 वर्ष होनी चाहिए। OBC-NCL को तीन साल और SC/ST उम्मीदवारों को पांच साल की छूट मिलेगी, यानी इनके लिए अधिकतम आयु क्रमशः 28 और 30 वर्ष होगी।
श्रेणीवार देखें तो 326 पदों में SC के लिए 32, ST के लिए 29, OBC-NCL के लिए 88, EWS के लिए 32 और अनारक्षित वर्ग के लिए 145 पद हैं। चयन प्रक्रिया और अप्रेंटिसशिप के लिए उम्मीदवारों को आवेदन से पहले अपनी योग्यता और संबंधित ट्रेड की शर्तें ध्यान से जांचनी चाहिए। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। उम्मीदवारों को RCFL की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर Apprentice Recruitment 2026 से संबंधित लिंक खोलना होगा।
इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरनी होगी तथा जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। फॉर्म सबमिट करने से पहले दर्ज की गई सभी जानकारी को अच्छी तरह जांच लेना जरूरी है। आवेदन की अंतिम तारीख 20 सितंबर 2026 शाम 5 बजे है, इसलिए इच्छुक उम्मीदवार अंतिम समय का इंतजार किए बिना आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।