Rajasthan Jobs 2026 : राजस्थान में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए शानदार अवसर सामने आया है। राजस्थान स्मॉल इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (RAJSICO) ने जूनियर असिस्टेंट और जूनियर सेल्स असिस्टेंट पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 9 रिक्त पदों को भरा जाएगा।
इनमें 4 पद जूनियर असिस्टेंट और 5 पद जूनियर सेल्स असिस्टेंट के लिए निर्धारित किए गए हैं। चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति नियमित आधार पर की जाएगी, हालांकि शुरुआत में उन्हें निर्धारित प्रोबेशन अवधि पूरी करनी होगी।
इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है। जूनियर असिस्टेंट पद के लिए अभ्यर्थियों के पास RSCIT, NIELIT CCC, DOEACC या समकक्ष कंप्यूटर प्रमाणपत्र होना चाहिए। वहीं जूनियर सेल्स असिस्टेंट पद के लिए शैक्षणिक योग्यता के साथ-साथ सेल्स क्षेत्र में कम से कम 3 वर्ष का कार्य अनुभव भी आवश्यक है।
उम्मीदवारों की आयु 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया में पहले लिखित परीक्षा आयोजित होगी, जिसके बाद सफल उम्मीदवारों को प्रोफिशिएंसी टेस्ट और दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा।
ये खबर भी पढ़ें : DSSSB Recruitment 2026: दिल्ली में TGT और कई पदों पर निकली भर्ती, 15 जुलाई तक करें आवेदन
वेतन की बात करें तो चयनित उम्मीदवारों को दो वर्ष की प्रोबेशन अवधि के दौरान 14,600 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। प्रोबेशन सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद नियमित वेतनमान और अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ मिलेगा। आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट industries.rajasthan.gov.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा।
इसके बाद भर्ती सेक्शन में जाकर संबंधित पद का चयन कर आवेदन पत्र भरना होगा। सभी जरूरी दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर सही प्रारूप में अपलोड करने के बाद फॉर्म जमा किया जा सकता है। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि आवेदन से पहले सभी जानकारी ध्यानपूर्वक जांच लें, क्योंकि गलत या अधूरी जानकारी मिलने पर आवेदन निरस्त किया जा सकता है। यह भर्ती युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का शानदार मौका है।