RSSB JE Jobs : राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने जूनियर इंजीनियर (JE) के 874 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। ये नियुक्तियां लोक निर्माण विभाग (PWD), जल संसाधन विभाग और लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) में की जाएंगी।
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 16 अगस्त से 14 सितंबर 2026 तक राजस्थान एसएसओ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। भर्ती में सिविल इंजीनियरिंग के डिग्री और डिप्लोमा धारकों के लिए बड़ी संख्या में पद हैं। पीएचईडी में कुछ पदों के लिए मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा रखने वाले उम्मीदवार भी पात्र होंगे।
कुल 874 पदों में PWD में जेई सिविल डिग्री के 351 और डिप्लोमा के 42 पद शामिल हैं। जल संसाधन विभाग में सिविल डिग्री के 72 और डिप्लोमा के 179 पद हैं। वहीं PHED में सिविल डिग्री के 47, डिप्लोमा के 151 और मैकेनिकल/इलेक्ट्रिकल डिप्लोमा के 32 पद हैं।
भर्ती के लिए उम्मीदवार की आयु 1 जनवरी 2027 को 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को राजस्थान सरकार के नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी। आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य वर्ग और क्रीमी लेयर ओबीसी/एमबीसी उम्मीदवारों के लिए शुल्क 600 रुपये है।
नॉन-क्रीमी लेयर ओबीसी/एमबीसी, ईडब्ल्यूएस और राजस्थान के एससी/एसटी उम्मीदवारों को 400 रुपये शुल्क देना होगा। सभी दिव्यांग (PwBD) उम्मीदवारों के लिए भी शुल्क 400 रुपये रखा गया है। आवेदन करते समय उम्मीदवारों को फोटो, हस्ताक्षर, बाएं अंगूठे के निशान, शैक्षणिक प्रमाणपत्र और जरूरत के अनुसार जाति, निवास या दिव्यांगता प्रमाणपत्र जैसे दस्तावेज तैयार रखने होंगे।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले sso.rajasthan.gov.in पर जाकर अपनी SSO ID से लॉगिन करना होगा। इसके बाद Recruitment Portal में जाकर RSSB JE Recruitment 2026 के आवेदन लिंक पर क्लिक करना होगा। उम्मीदवार को आवेदन फॉर्म में व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरनी होगी और जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे।
इसके बाद अपनी श्रेणी के अनुसार आवेदन शुल्क जमा कर फॉर्म सबमिट करना होगा। उम्मीदवारों को अंतिम सबमिशन से पहले आवेदन में दर्ज सभी जानकारियों को अच्छी तरह जांचने की सलाह दी गई है। आवेदन जमा होने के बाद उसका प्रिंटआउट या डिजिटल कॉपी भविष्य के लिए सुरक्षित रखना चाहिए। भर्ती राजस्थान के अनुसूचित और गैर-अनुसूचित दोनों क्षेत्रों के पदों के लिए है।