Government Internship : सरकारी मंत्रालय में काम करने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए शानदार अवसर आया है। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय (MWCD) ने अपने इंटर्नशिप प्रोग्राम 2026 के दूसरे बैच के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह दो महीने की इंटर्नशिप अगस्त और सितंबर सत्र के लिए आयोजित की जाएगी। इच्छुक उम्मीदवार मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर 10 जून 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों से जुड़े मुद्दों पर युवाओं को व्यावहारिक अनुभव देना है। चयनित इंटर्न को मंत्रालय की विभिन्न परियोजनाओं, नीतियों और शोध कार्यों में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इससे उन्हें सरकारी कार्यप्रणाली को करीब से समझने और अपने करियर को नई दिशा देने का मौका मिलेगा।
इस इंटर्नशिप कार्यक्रम के तहत कुल 20 उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। आवेदन करने वाली अभ्यर्थी की उम्र 21 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसमें नॉन-टियर-1 शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों की महिला छात्राएं, शोधार्थी, सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षिकाएं आवेदन कर सकती हैं।
उम्मीदवार किसी भी विश्वविद्यालय, शैक्षणिक या गैर-शैक्षणिक संस्थान से जुड़े हो सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को महिला एवं बाल विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर काम करने का मौका मिलेगा। इसके अलावा वे पॉलिसी एनालिसिस, माइक्रो स्टडी और पायलट प्रोजेक्ट्स जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में भी हिस्सा ले सकेंगे।
ये खबर भी पढ़ें : MSME Technology Centre Mumbai Admission 2026: 3 वर्षीय डिप्लोमा कोर्सेज के लिए प्रवेश शुरू, ऐसे करें अप्लाई
इंटर्नशिप के दौरान चयनित उम्मीदवारों को हर महीने 20,000 रुपये का स्टाइपेंड दिया जाएगा। इसके साथ ही दिल्ली में रहने के लिए हॉस्टल सुविधा, इंटरनेट, स्टेशनरी और यात्रा भत्ता जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। मंत्रालय की ओर से आने-जाने का खर्च भी निर्धारित नियमों के अनुसार दिया जाएगा।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा और फिर अपनी शैक्षणिक व व्यक्तिगत जानकारी भरकर आवेदन जमा करना होगा। सरकारी क्षेत्र में अनुभव हासिल करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए यह एक बेहतरीन अवसर माना जा रहा है।