Income Tax Vacancy : खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा दिखाने वाले युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का अच्छा मौका है। पुणे आयकर विभाग ने स्पोर्ट्स कोटा के तहत 85 पदों पर भर्ती निकाली है। इसमें स्टेनोग्राफर ग्रेड-II, टैक्स असिस्टेंट और मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS) के पद शामिल हैं। इस भर्ती के लिए आवेदन प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त कार्यालय की ओर से मांगे गए हैं।
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 15 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। भर्ती में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, क्रिकेट, हॉकी, कबड्डी, तैराकी, वॉलीबॉल, पैरा-स्पोर्ट्स, टेनिस और योगासन समेत कुल 17 खेल शामिल हैं। इनमें सबसे ज्यादा 20 पद एथलेटिक्स और 12 पद वॉलीबॉल के खिलाड़ियों के लिए हैं।
पद के अनुसार उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता अलग-अलग निर्धारित की गई है। स्टेनोग्राफर ग्रेड-II के लिए मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है और उम्र 18 से 27 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आयकर विभाग में टैक्स असिस्टेंट पद के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन जरूरी है और आयु सीमा 18 से 27 वर्ष है। वहीं MTS पद के लिए 10वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं और उनकी उम्र 18 से 25 वर्ष होनी चाहिए।
उम्मीदवारों के पास निर्धारित खेल उपलब्धियों से जुड़े वैध प्रमाणपत्र भी होने चाहिए। भर्ती में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को सबसे अधिक प्राथमिकता दी जाएगी। इसके बाद राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं, ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट और खेलो इंडिया प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्राथमिकता मिलेगी।
उम्मीदवारों का चयन उनकी खेल उपलब्धियों और संबंधित पद के स्किल टेस्ट के आधार पर किया जाएगा। सबसे पहले उम्मीदवारों की खेल उपलब्धियों और प्राथमिकता के आधार पर छंटनी होगी। इसके बाद संबंधित पद के लिए जरूरी स्किल टेस्ट लिया जाएगा। सफल उम्मीदवारों को आगे दस्तावेज सत्यापन और पुलिस वेरिफिकेशन की प्रक्रिया से गुजरना होगा। चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार वेतन मिलेगा।
स्टेनोग्राफर और टैक्स असिस्टेंट के पद पर लेवल-4 के तहत 25,500 से 81,100 रुपये तक वेतन मिलेगा, जबकि MTS पद पर लेवल-1 के तहत 18,800 से 56,900 रुपये तक वेतन निर्धारित है। आवेदन के लिए 200 रुपये शुल्क देना होगा, जिसका भुगतान ऑनलाइन किया जाएगा। इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन में पात्रता, खेल प्रमाणपत्र और अन्य शर्तों को ध्यान से जांच लें।