MTech without GATE : भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) से पढ़ाई करना लाखों छात्रों का सपना होता है और अधिकतर मामलों में MTech में दाखिले के लिए GATE परीक्षा जरूरी मानी जाती है। हालांकि इस बार IIT Tirupati ने छात्रों को एक अलग अवसर दिया है।
संस्थान ने 2026-27 शैक्षणिक सत्र के लिए अपने Self-Sponsored MTech प्रोग्राम में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसमें आवेदन के लिए GATE स्कोर अनिवार्य नहीं रखा गया है। यह उन छात्रों के लिए बड़ा मौका माना जा रहा है जो किसी कारणवश GATE परीक्षा नहीं दे पाए या अच्छा स्कोर नहीं ला सके। आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 8 जून 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
संस्थान द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, छात्र कई प्रमुख इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी स्ट्रीम में प्रवेश ले सकते हैं। इनमें कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, डेटा साइंस एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और केमिकल इंजीनियरिंग जैसी शाखाएं शामिल हैं।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से BTech, BE या समकक्ष डिग्री होना जरूरी है। अंतिम वर्ष के छात्र भी आवेदन कर सकते हैं, लेकिन उन्हें जुलाई 2026 तक अपनी डिग्री पूरी करनी होगी। कुछ विशेष कोर्स में चयन प्रक्रिया के दौरान लिखित परीक्षा या इंटरव्यू भी आयोजित किया जा सकता है। हालांकि इस प्रोग्राम के लिए किसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा का स्कोर अनिवार्य नहीं है।
ये खबर भी पढ़ें : SSC GD भर्ती परीक्षा में धांधली के आरोप से मची हलचल, गिरोह पकड़े जाने के बाद री-एग्जाम की उठी मांग
MTech Self-Sponsored (Non-HTTA) कैटेगरी के अंतर्गत प्रवेश लेने वाले छात्रों को संस्थान की तरफ से किसी प्रकार की आर्थिक सहायता नहीं मिलेगी। साथ ही बाद में HTTA कैटेगरी में बदलाव की अनुमति भी नहीं होगी।
आवेदन शुल्क सामान्य, EWS और OBC-NCL पुरुष उम्मीदवारों के लिए 400 रुपये रखा गया है, जबकि महिला उम्मीदवारों तथा SC, ST और PwD वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए यह शुल्क 200 रुपये है। आवेदन से पहले उम्मीदवारों को पासपोर्ट साइज फोटो, 10वीं और 12वीं के प्रमाणपत्र, डिग्री दस्तावेज और श्रेणी प्रमाणपत्र जैसे जरूरी दस्तावेज तैयार रखने की सलाह दी गई है। इच्छुक छात्र संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।