Agriculture Jobs : सेंट्रल वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन (CWC) ने यंग प्रोफेशनल के कुल छह पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह नियुक्तियां निश्चित अवधि के अनुबंध (Contract) के आधार पर की जाएंगी। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार CWC की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 22 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। सभी पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 35 वर्ष तय की गई है और आयु की गणना आवेदन की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। भर्ती के लिए उम्मीदवारों का चयन उनकी शैक्षणिक योग्यता, अनुभव और निर्धारित चयन प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा।
भर्ती के तहत अलग-अलग क्षेत्रों के लिए यंग प्रोफेशनल नियुक्त किए जाएंगे। यंग प्रोफेशनल (लर्निंग एंड डेवलपमेंट) पद के लिए उम्मीदवार के पास मानव संसाधन (HR) में विशेषज्ञता के साथ फुल-टाइम MBA या PGDM होना चाहिए।
यंग प्रोफेशनल (PCS मार्केटिंग) पद के लिए कृषि में BSc (एंटोमोलॉजी विषय के साथ) अनिवार्य है, जबकि मार्केटिंग में MBA या कीट नियंत्रण क्षेत्र का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता मिलेगी।
वहीं यंग प्रोफेशनल (मार्केटिंग एंड बिजनेस डेवलपमेंट) पद के लिए मार्केटिंग, लॉजिस्टिक्स, सप्लाई चेन मैनेजमेंट या संबंधित विषय में दो वर्षीय पोस्टग्रेजुएट डिग्री या डिप्लोमा होना चाहिए। सभी पदों के लिए 0 से 3 वर्ष या उससे अधिक का संबंधित कार्य अनुभव रखने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।
ये खबर भी पढ़ें : SPSC VLW Job: सिक्किम में ग्राम स्तरीय कार्यकर्ता के 69 पदों पर भर्ती, एग्रीकल्चर ग्रेजुएट्स के लिए मौका
चयनित उम्मीदवारों को अनुभव के आधार पर मासिक समेकित पारिश्रमिक दिया जाएगा। 0 से 3 वर्ष तक के अनुभव वाले उम्मीदवारों को 50,000 रुपये प्रति माह, जबकि 3 वर्ष से अधिक अनुभव रखने वालों को 60,000 रुपये प्रति माह मिलेंगे।
नियुक्ति शुरुआत में दो वर्ष के अनुबंध पर होगी, जिसे कार्य प्रदर्शन और संगठन की आवश्यकता के आधार पर एक वर्ष के लिए बढ़ाया जा सकता है। इस तरह अधिकतम कार्यकाल तीन वर्ष (2+1 वर्ष) तक रहेगा।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को CWC की आधिकारिक वेबसाइट cewacor.nic.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा, आवेदन फॉर्म भरना होगा, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे और सभी जानकारियां जांचने के बाद फॉर्म ऑनलाइन सबमिट करना होगा। भविष्य के लिए आवेदन पत्र का प्रिंटआउट सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है। यह भर्ती सरकारी नौकरी में करियर बनाने का अच्छा अवसर है।