Career After 12th Commerce: कॉमर्स स्ट्रीम के छात्रों के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) देश के सबसे प्रतिष्ठित और लोकप्रिय करियर विकल्पों में से एक माना जाता है। वित्तीय प्रबंधन, टैक्सेशन, ऑडिट, अकाउंटिंग और कॉर्पोरेट फाइनेंस जैसे क्षेत्रों में विशेषज्ञता रखने वाले चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की मांग सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों में लगातार बनी रहती है। भारत में CA कोर्स का संचालन इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) द्वारा किया जाता है। यह कोर्स चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद उम्मीदवारों के लिए शानदार करियर और आकर्षक वेतन के अवसर खुल जाते हैं। 12वीं के बाद छात्र सीधे CA Foundation कोर्स में रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं और इसके बाद इंटरमीडिएट, आर्टिकलशिप तथा फाइनल परीक्षा के जरिए चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने का सफर पूरा करते हैं। इस बीच उम्मीदवारों को आईटी और सॉफ्ट स्किल्स से जुड़ी अनिवार्य ट्रेनिंग भी पूरी करनी होती है। वहीं, ICAI ने नवंबर 2026 सत्र के लिए CA Final रजिस्ट्रेशन विंडो दोबारा खोल दी है, जिससे जिन अभ्यर्थियों का आवेदन अधूरा रह गया था, उन्हें एक और मौका मिल गया है। आइए जानते हैं CA बनने का पूरा प्रोसेस।
आपको बता दें कि भारत में चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) बनने की पूरी प्रक्रिया इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) के माध्यम से संचालित की जाती है। यह देश का वैधानिक संस्थान है, जो CA कोर्स, परीक्षा और सदस्यता से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं का संचालन करता है। CA बनने के बाद उम्मीदवार टैक्स मैनेजमेंट, ऑडिट, अकाउंटिंग, फाइनेंशियल प्लानिंग, कॉर्पोरेट फाइनेंस और वेल्थ मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में विशेषज्ञ के रूप में काम कर सकते हैं। निजी कंपनियों, बहुराष्ट्रीय संस्थानों और सरकारी संगठनों में भी योग्य CA की अच्छी मांग रहती है।
दरअसल चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) बनने के लिए CA Foundation, CA Intermediate,Articleship Training इस तीनों चरणों को पास करना पड़ता है। इसके बाद आप चार्टेड एकाउंटेंट बन सकते हैं।
12वीं कक्षा पास करने के बाद छात्र सीधे सीए फाउंडेशन (CA Foundation) कोर्स में रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। यह CA बनने की पहली सीढ़ी होती है। इस स्तर पर अकाउंटिंग, बिजनेस लॉ, बिजनेस मैथमैटिक्स और बिजनेस इकोनॉमिक्स जैसे विषय पढ़ाए जाते हैं। इस परीक्षा को पास करने के लिए प्रत्येक विषय में कम से कम 40 प्रतिशत अंक और कुल मिलाकर 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होता है। फाउंडेशन परीक्षा पास करने के बाद ही उम्मीदवार अगले चरण में प्रवेश कर सकते हैं।
CA Foundation पास करने के बाद उम्मीदवार सीए इंटरमीडिएड (CA Intermediate) कोर्स में दाखिला लेते हैं। इसमें टैक्सेशन, एडवांस अकाउंटिंग, ऑडिटिंग, फाइनेंशियल मैनेजमेंट और कॉर्पोरेट लॉ जैसे विषयों की पढ़ाई होती है। इसी दौरान छात्रों को आईटी और सॉफ्ट स्किल्स से जुड़ा अनिवार्य प्रशिक्षण कार्यक्रम भी पूरा करना होता है। यह चरण छात्रों को व्यावसायिक ज्ञान और व्यावहारिक कौशल दोनों प्रदान करता है।
सीए आर्टिकलशिप (CA Intermediate) के बाद उम्मीदवारों को Articleship Training करनी होती है। बता दें कि यह 3 साल की प्रैक्टिकल ट्रेनिंग होती है, जिसमें छात्र अनुभवी चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के साथ वास्तविक ऑडिट, टैक्सेशन और अकाउंटिंग से जुड़े कार्यों का अनुभव प्राप्त करते हैं। इसी अवधि में छात्रों को Advanced Integrated Course on Information Technology and Soft Skills (AICITSS) भी पूरा करना अनिवार्य होता है, जिससे उनकी तकनीकी और पेशेवर क्षमता विकसित होती है।
आर्टिकलशिप (Articleship) के अंतिम चरण में उम्मीदवार CA Final परीक्षा देते हैं। इसमें फाइनेंशियल रिपोर्टिंग, एडवांस ऑडिटिंग, स्ट्रैटेजिक फाइनेंशियल मैनेजमेंट, टैक्सेशन और कॉर्पोरेट लॅा जैसे कोर्स शामिल होते हैं। फाइनल परीक्षा और आर्टिकलशिप सफलतापूर्वक पूरी करने के बाद उम्मीदवार ICAI की सदस्यता प्राप्त करते हैं और आधिकारिक रूप से चार्टर्ड अकाउंटेंट (Chartered Accountant) बन जाते हैं। इसके बाद वे स्वतंत्र प्रैक्टिस करने के साथ-साथ देश-विदेश की बड़ी कंपनियों में भी करियर बना सकते हैं।
इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) ने नवंबर 2026 सत्र के लिए CA फाइनल रजिस्ट्रेशन विंडो एक बार फिर खोल दी है। जिन अभ्यर्थियों का आवेदन पहले पूरा नहीं हो सका था, वे SSP पोर्टल पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन 5 अगस्त 2026 रात 11:59 बजे तक पूरा कर सकते हैं। नवंबर 2026 की CA Final परीक्षा 2 नवंबर से शुरू होगी। केवल उन्हीं उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा, जिनका रजिस्ट्रेशन सफलतापूर्वक पूरा हो चुका होगा।