BPCL Jobs 2026 : भारत की प्रमुख तेल एवं गैस कंपनी Bharat Petroleum Corporation Limited (BPCL) ने मिड-सीनियर लेवल भर्ती 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। सरकारी क्षेत्र में बेहतर वेतन और प्रतिष्ठित करियर की तलाश कर रहे उम्मीदवारों के लिए यह भर्ती एक बड़ा अवसर मानी जा रही है।
कंपनी ने विभिन्न विभागों में अनुभवी पेशेवरों की नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक उम्मीदवार 20 जून 2026 रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन केवल BPCL के आधिकारिक करियर पोर्टल के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। भर्ती प्रक्रिया 31 मई 2026 से शुरू हो चुकी है।
इस भर्ती अभियान के तहत भारत पेट्रो रिसोर्सेज लिमिटेड (BPRL), कंपनी सेक्रेटरी, फाइनेंस, पेट्रोकेमिकल्स और वेसाइड एमिनिटीज (WSA) विभागों में नियुक्तियां की जाएंगी। BPRL में 5 पद, कंपनी सेक्रेटरी विभाग में 4 पद, पेट्रोकेमिकल्स में 2 पद और वेसाइड एमिनिटीज में 5 पद निर्धारित किए गए हैं। वहीं फाइनेंस विभाग में आवश्यकता के अनुसार योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
शैक्षणिक योग्यता पद के अनुसार अलग-अलग तय की गई है। BPRL के पदों के लिए BE, BTech या Geology एवं Geophysics में पोस्ट ग्रेजुएशन डिग्री जरूरी है। कंपनी सेक्रेटरी पद के लिए ICSI योग्यता अनिवार्य है, जबकि फाइनेंस विभाग के लिए CA या ICWA की डिग्री मांगी गई है। संबंधित इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट क्षेत्रों के उम्मीदवार भी विभिन्न पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं।
ये खबर भी पढ़ें : इलाहाबाद हाईकोर्ट में 543 पदों पर भर्ती, RO-ARO और कंप्यूटर असिस्टेंट के लिए 26 जून तक करें आवेदन
इस भर्ती की सबसे बड़ी खासियत इसका आकर्षक वेतन पैकेज है। E2 ग्रेड के पदों पर सालाना सीटीसी लगभग 21.07 लाख रुपये तक रहेगा, जबकि E3, E4 और E5 ग्रेड में यह क्रमशः 24.99 लाख, 30.21 लाख और 34.45 लाख रुपये तक पहुंच सकता है। वहीं E6 और E7 ग्रेड के अधिकारियों को 39.82 लाख रुपये और 45.38 लाख रुपये तक का वार्षिक सीटीसी मिलेगा।
सबसे ऊंचे E8 ग्रेड में चयनित उम्मीदवारों का अनुमानित सालाना सीटीसी 55.49 लाख रुपये तक हो सकता है। सामान्य, ओबीसी-एनसीएल, ईडब्ल्यूएस और पूर्व सैनिक वर्ग के उम्मीदवारों को 1180 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा, जबकि एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए आवेदन निशुल्क रखा गया है। यह भर्ती अनुभवी उम्मीदवारों के लिए सार्वजनिक क्षेत्र में शानदार करियर बनाने का बेहतरीन अवसर है।