Dental Students Scholarship : डेंटल (BDS) की पढ़ाई का सपना देखने वाले छात्रों के लिए अच्छी खबर है। केंद्र और राज्य सरकारें ऐसी कई स्कॉलरशिप योजनाएं चला रही हैं, जिनकी मदद से छात्र अपनी पढ़ाई का आर्थिक बोझ कम कर सकते हैं।
देश में हर साल बड़ी संख्या में छात्र डेंटल क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देखते हैं, लेकिन महंगी फीस और अन्य शैक्षणिक खर्च कई बार उनके सामने बड़ी चुनौती बन जाते हैं। ऐसे में सरकारी स्कॉलरशिप योजनाएं छात्रों को आर्थिक सहायता देकर उनके सपनों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
शिक्षा मंत्रालय द्वारा संचालित सेंट्रल सेक्टर स्कॉलरशिप स्कीम (CSSS) उन छात्रों के लिए है जिन्होंने 12वीं बोर्ड परीक्षा में शीर्ष 80 प्रतिशत छात्रों में स्थान प्राप्त किया हो। इस योजना के तहत पात्र छात्रों को हर वर्ष 10,000 रुपये से 20,000 रुपये तक की वित्तीय सहायता दी जाती है।
इसके अलावा, अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के छात्रों के लिए पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप योजना उपलब्ध है। इस योजना के तहत ट्यूशन फीस, परीक्षा शुल्क और अन्य शैक्षणिक खर्चों में सहायता प्रदान की जाती है। कई राज्यों में छात्रों को अतिरिक्त मेंटेनेंस भत्ता भी दिया जाता है, जिससे पढ़ाई का खर्च और आसान हो जाता है।
ये खबर भी पढ़ें : DU COL Admission 2026: जर्मन, जापानी समेत 8 विदेशी भाषाओं के कोर्स में एडमिशन शुरू, नौकरीपेशा लोग भी कर सकते
छात्र नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (NSP) के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न स्कॉलरशिप योजनाओं के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए 10वीं और 12वीं की मार्कशीट, आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र, कॉलेज प्रवेश पत्र, फीस रसीद, बैंक खाते का विवरण और पासपोर्ट साइज फोटो जैसे दस्तावेज जरूरी होते हैं।
केंद्र सरकार की योजनाओं में आवेदन के लिए One Time Registration (OTR) नंबर अनिवार्य है। वहीं राज्य सरकार की योजनाओं के लिए संबंधित राज्य के आधिकारिक स्कॉलरशिप पोर्टल पर आवेदन करना होगा। समय पर आवेदन और सही दस्तावेज जमा करके छात्र इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी डेंटल शिक्षा को आर्थिक रूप से आसान बना सकते हैं।