BBMB Jobs : भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (BBMB) ने विज्ञापन संख्या 02/2026 के तहत हिंदी अनुवादक के 9 पदों पर भर्ती निकाली है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 31 अगस्त 2026 से शुरू हो गई है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 21 सितंबर 2026 रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 23 सितंबर 2026 रात 11:59 बजे निर्धारित की गई है।
सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 1,000 रुपये, जबकि एसटी उम्मीदवारों को 500 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। भर्ती में 3 पद अनारक्षित, 4 ओबीसी, 1 ईडब्ल्यूएस और 1 एसटी वर्ग के लिए हैं। चयनित उम्मीदवारों को लेवल-6 के तहत 35,400 से 1,12,400 रुपये तक वेतन मिलेगा।
हिंदी अनुवादक पद के लिए शैक्षणिक योग्यता में हिंदी और अंग्रेजी से संबंधित अलग-अलग विकल्प दिए गए हैं। उम्मीदवार के पास निर्धारित योग्यता के अनुसार हिंदी या अंग्रेजी में परास्नातक, ऑनर्स या अन्य संबंधित डिग्री होनी चाहिए। कुछ विकल्पों में विधि स्नातक के साथ हिंदी ऑनर्स और बीए/बीएससी के साथ हिंदी ऑनर्स भी शामिल हैं।
इसके अलावा उम्मीदवार के पास सरकारी या अर्ध-सरकारी संगठन अथवा प्रतिष्ठित दैनिक समाचार पत्र में अनुवादक के रूप में कम से कम तीन वर्ष का अनुभव होना जरूरी है। प्रूफरीडिंग के ज्ञान और साहित्यिक कार्यों में रुचि रखने वाले उम्मीदवारों को वरीयता दी जाएगी। आयु सीमा 1 जुलाई 2026 को 18 से 37 वर्ष निर्धारित है। आरक्षित वर्ग और अन्य पात्र श्रेणियों को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी। दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 40 प्रतिशत दिव्यांगता का प्रमाण जरूरी है।
उम्मीदवारों का चयन 100 अंकों की वस्तुनिष्ठ लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। परीक्षा ओएमआर माध्यम से होगी और इसके लिए 90 मिनट का समय मिलेगा। खास बात यह है कि परीक्षा में नकारात्मक अंकन नहीं होगा। प्रश्न अंग्रेजी और हिंदी व्याकरण, सामान्य जागरूकता, कंप्यूटर दक्षता, हिंदी से अंग्रेजी और अंग्रेजी से हिंदी अनुवाद तथा दोनों भाषाओं के शब्दों के अर्थ से जुड़े होंगे।
सामान्य और ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक, जबकि ओबीसी और एसटी उम्मीदवारों के लिए 35 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं। आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को अपनी शैक्षणिक योग्यता, अनुभव और आयु सीमा की जांच करनी चाहिए। चयनित उम्मीदवारों को तीन साल की परिवीक्षा अवधि पूरी करनी होगी और उनकी तैनाती बीबीएमबी के अधिकार क्षेत्र में किसी भी स्थान पर की जा सकती है।